Tuesday, October 14, 2025
Homeव्रत एवं त्योहारकेकड़ी में 21 अक्टूबर को मनाई जाएगी दीपावली, स्थानीय पंडितों ने शास्त्रीय...

केकड़ी में 21 अक्टूबर को मनाई जाएगी दीपावली, स्थानीय पंडितों ने शास्त्रीय आधार पर किया निर्णय

केकड़ी, 10 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): इस वर्ष दीपावली पर्व की तिथि को लेकर बना संशय आखिरकार खत्म हो गया है। अमावस्या तिथि के दो दिन पड़ने के कारण उत्पन्न हुई असमंजस की स्थिति को लेकर केकड़ी के विद्वत पंडितों ने गहन विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मत निर्णय लिया है कि दीपावली व महालक्ष्मी पूजन 21 अक्टूबर को ही किया जाएगा। श्री चारभुजा नाथ मंदिर व्यासपीठ के कथा व्यास पंडित मुरलीधर दाधीच की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद यह आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। पंडितों ने विभिन्न पंचांगों का अध्ययन कर बताया कि इस वर्ष अमावस्या तिथि 20 व 21 अक्टूबर दोनों दिन पड़ रही है। हालांकि शास्त्रीय निर्णय के अनुसार जब अमावस्या तिथि दो दिन आती है तो उदय व्यापिनी अमावस्या तिथि व प्रदोष काल में व्याप्त रहने वाली अमावस्या को ही दीपावली के लिए मान्य माना जाता है।

शास्त्रसम्मत निर्णय का आधार: विद्वानों ने तर्क दिया कि 21 अक्टूबर को अमावस्या तिथि प्रदोष काल तक व्याप्त है, इसलिए इस दिन की रात्रि में लक्ष्मी पूजन व दीपोत्सव करना ही शास्त्रसम्मत है। बैठक में पंडित रामपाल दाधीच, पंडित हितेश व्यास, पंडित पुरुषोत्तम शर्मा, पंडित हेमंत शास्त्री, पंडित सुनील शर्मा, पंडित विष्णुदत्त शर्मा, पंडित गोविंद शर्मा, पंडित रामचरण शास्त्री, पंडित घनश्याम पाराशर सहित कई अन्य विद्वान पंडित उपस्थित रहे। जिन्होंने इस निर्णय पर अपनी मुहर लगाई। स्थानीय पंडितों ने दीपोत्सव से जुड़े अन्य पर्वों की तिथियां भी जारी कर दी है। जिसके अनुसार 18 अक्टूबर को धनतेरस, 19 अक्टूबर को मासिक शिवरात्रि, 20 अक्टूबर को रूप चतुर्दशी/नरक चतुर्दशी, 21 अक्टूबर को दीपावली व महालक्ष्मी पूजन, 22 अक्टूबर को अन्नकूट/गोवर्धन पूजा एवं 23 अक्टूबर को भाई दूज का पर्व मनाया जाएगा।

RELATED ARTICLES