केकड़ी, 09 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में गुरुवार को विधिक सेवा शिविर का आयोजन एसीजेएम रमेश कुमार करोल के मुख्य आतिथ्य व प्रधानाचार्य हेमन पाठक की अध्यक्षता में किया गया। इस शिविर में बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों के साथ-साथ वर्तमान समय की गंभीर चुनौतियों से निपटने के गुर सिखाए गए। मुख्य अतिथि न्यायाधीश रमेश कुमार करोल ने अपने संबोधन में विधिक अधिकारों की जानकारी देते हुए विशेष रूप से साइबर अपराधों के प्रति सचेत किया। उन्होंने बालिकाओं को आगाह करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर अनावश्यक रूप से अपना नाम, मोबाइल नंबर या निजी फोटो साझा करने से बचना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि कोई किसी छात्रा को ब्लैकमेल करने की कोशिश करता है, तो डरे नहीं। इसकी सूचना तुरंत माता-पिता या शिक्षकों के माध्यम से स्थानीय न्यायालय में कार्यरत विधिक सेवा समिति को दें, जिससे समस्या का त्वरित समाधान हो सके।

न्यायिक सेवा में करियर की राह: कार्यक्रम के दौरान एक छात्रा द्वारा न्यायिक सेवा में जाने के अवसरों पर पूछे गए प्रश्न का उत्तर देते हुए न्यायाधीश महोदय ने इस क्षेत्र में करियर बनाने की प्रक्रिया विस्तार से समझाई, जिससे छात्राएं काफी प्रेरित नजर आईं। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। शुरूआत में प्रधानाचार्य हेमन पाठक ने पुष्प गुच्छ भेंट कर व उप प्रधानाचार्य शिवशंकर सिंह राठौड़ ने माल्यार्पण व तिलक लगाकर मुख्य अतिथि का स्वागत किया। प्रधानाचार्य ने अपने स्वागत उद्बोधन में शिविर की महत्ता पर प्रकाश डाला। उप प्रधानाचार्य शिवशंकर सिंह राठौड़ ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि न्यायाधीश महोदय द्वारा दी गई जानकारी आज के डिजिटल युग में छात्राओं की सुरक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

ये रहे मौजूद: इस अवसर पर अधिकार-मित्र निर्मला राठौर, अमित सेन, उपप्राचार्य आभा चुण्डावत, विजय लक्ष्मी मीणा, पदम कुमार पहाड़िया, मीता व्यास, राजलक्ष्मी, संगीता जैन, अब्दुल लतीफ, संगीता शर्मा, अनुराधा खारोल, वरिष्ठ अध्यापक कैलाश चंद जैन, रानी आर्य, इंदिरा शर्मा, दिव्या जीनवाल, शिव प्रताप मीणा, वरिष्ठ कंप्यूटर अनुदेशक निर्मल सिंह, वरिष्ठ प्रयोगशाला सहायक खेमराज माली, डॉ आदित्य उदयवाल, रेखा माहेश्वरी, अंतिम बाला, लक्ष्मी कुमावत, सरोज, राधा बियानी, सरिता सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ व लगभग 800 छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता व मीडिया प्रभारी बिरदी चंद सैनी ने किया।


