Site icon Aditya News Network – Kekri News

डॉ. रघु शर्मा व रामचन्द्र चौधरी ने कार्यकर्ताओं में फूंका जोश, आपसी मनमुटाव भूलकर चुनावों में जुटने का किया आह्वान

केकड़ी: कार्यकताओं को संबोधित करते पूर्व मंत्री डॉ. रघु शर्मा एवं कांग्रेस प्रत्याशी रामचन्द्र चौधरी।

केकड़ी, 05 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): पूर्व मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने कहा कि देश में लोकतंत्र खतरे में है। आगामी लोकसभा चुनाव देश की दिशा और दशा तय करने वाले चुनाव होंगे। लोकतंत्र को बचाने के लिए इन चुनावों में कांग्रेस प्रत्याशी को भारी बहुमत से विजयी बनाना होगा। इसके लिए आपसी मतभेद भुलाकर सभी कार्यकर्ताओं को अभी से एकजुट होना पड़ेगा। वे शुक्रवार को पटेल मैदान स्थित कांग्रेस कार्यालय में केकड़ी विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुखातिब थे। उन्होंने कहा कि भाजपा भ्रम फैलाकर चुनाव जीतना चाहती है। लेकिन उनके मंसूबे कभी भी साकार नहीं होंगे।

भूलने होंगे मनमुटाव डॉ. रघु शर्मा ने कहा कि कांग्रेस विचारधारा से जुड़ी हुई पार्टी है तथा इसका एक—एक कार्यकर्ता जीजान से पार्टी के साथ खड़ा है। शर्मा ने कार्यकर्ताओं में जीत का मंत्र फूंकते हुए कहा कि छोटे मोटे मनमुटाव भूलने से ही निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति हो सकेगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद से ऐसा लग रहा है, जैसे विकास की गति को किसी ने ब्रेक लगा दिए हो।

केकड़ी: बैठक में मौजूद केकड़ी विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेसजन।

चौंकाने वाले आएंगे परिणाम कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अजमेर संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी एवं अजमेर डेयरी अध्यक्ष रामचन्द्र चौधरी ने कहा कि आमजन के विश्वास के भरोसे वे चुनाव मैदान में है। भाजपा नेता केवल जुमलेबाजी करते है। कांग्रेस पार्टी ने विकास की विचारधारा के साथ काम किया है। उन्होंने कहा कि इस बार कांग्रेस के पक्ष में शानदार माहौल है, निश्चित रूप से परिणाम चौंकाने वाले आएंगे।

ये रहे मौजूद इस मौके पर नगर परिषद सभापति कमलेश साहू, पूर्व देहात जिला अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह राठौड़, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह शक्तावत, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष समरवीर सिंह शक्तावत, पूर्व उप प्रधान छोटूराम गुजराल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोहम्मद सईद नकवी, राजेन्द्र भट्ट, युवा नेता धनेश जैन, रतन पंवार, सांवरलाल गुर्जर समेत विधानसभा क्षेत्र के अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Exit mobile version