Site icon Aditya News Network – Kekri News

कर्तव्य बोध पखवाड़ा: विचार गोष्ठी में शिक्षकों को दिया राष्ट्र निर्माण व दायित्वों के प्रति सजग रहने का संदेश

केकड़ी: राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय द्वारा आयोजित विचार गोष्ठी में मंचासीन अतिथिगण।

केकड़ी, 18 जनवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय उपशाखा केकड़ी के तत्वावधान में रविवार को कर्तव्य बोध पखवाड़ा के तहत विचार गोष्ठी का आयोजन पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपशाखा अध्यक्ष मोजेन्द्र सिंह राव ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन व सरस्वती वंदना के साथ हुआ। शुरूआत में अतिथियों का माल्यार्पण व अपर्णा पहनाकर स्वागत किया गया। मुख्य वक्ता के रूप में अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के पूर्व कोषाध्यक्ष बजरंग प्रसाद मजेजी उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक समाज के निर्माता होते हैं व राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने शिक्षकों को संगठनात्मक एकता, अनुशासन व कर्तव्यनिष्ठा का आह्वान किया।

शिक्षकों में होता नई ऊर्जा का संचार: मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारम्भिक) गोविन्द नारायण शर्मा ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन शिक्षकों में नई ऊर्जा का संचार करते हैं व शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाते हैं। स्वागत भाषण देते हुए उपशाखा अध्यक्ष मोजेन्द्र सिंह राव ने बताया कि संघ प्रतिवर्ष 12 जनवरी (स्वामी विवेकानंद जयंती) से 23 जनवरी (सुभाष चंद्र बोस जयंती) तक कर्तव्य बोध पखवाड़ा मनाता है। विशिष्ट अतिथि मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी गोपी लाल कीर ने गीता के उपदेशों के अनुसार कर्तव्य मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। वहीं पर्यवेक्षक प्रभा पंचोली ने स्वामी विवेकानंद के जीवन पर प्रकाश डाला। आभार उपशाखा मंत्री संजय वैष्णव ने जताया।

केकड़ी: राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय द्वारा आयोजित विचार गोष्ठी में उपस्थित शिक्षकगण।

इनकी रही गरिमामय उपस्थिति: इस अवसर पर विभाग संगठन मंत्री जितेंद्र सिंह राठौड़, प्रदेश प्रशिक्षण प्रकोष्ठ सदस्य महेश शर्मा, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष बिरदी चंद वैष्णव, पूर्व संभाग संगठन मंत्री सुरेश चौहान, सभाध्यक्ष कैलाश चन्द जैन, महिला मंत्री सोनू कुमावत, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामबाबू सोनी, उपाध्यक्ष भागचंद लक्षकार, कोषाध्यक्ष महावीर मेघवंशी, मदन मोहन परेवा, राजेंद्र सुजेडिया, प्रदीप जैन, बृज किशोर वैष्णव, गोपाल लाल रेगर व ईद मोहम्मद सहित उपशाखा की समस्त कार्यकारिणी एवं कई प्रधानाचार्यों सहित अनेक शिक्षकगण उपस्थित रहे।

Exit mobile version