Wednesday, February 4, 2026
Homeचिकित्सान्यायालय का शैक्षणिक भ्रमण: भविष्य के चिकित्सकों ने सीखीं कानूनी प्रक्रियाएं, जानी...

न्यायालय का शैक्षणिक भ्रमण: भविष्य के चिकित्सकों ने सीखीं कानूनी प्रक्रियाएं, जानी फॉरेंसिक चिकित्सा की बारीकियां

केकड़ी, 03 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ होम्योपैथी के बी.एच.एम.एस. द्वितीय व तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों के लिए फॉरेंसिक मेडिसिन एवं टॉक्सिकोलॉजी विभाग द्वारा न्यायालय का एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। इस दौरे के दौरान छात्र-छात्राओं को पाठ्यक्रम के अनुरूप न्यायिक कार्यवाही व फॉरेंसिक चिकित्सा के व्यावहारिक पक्ष से रूबरू करवाया गया। भ्रमण के दौरान अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश संख्या-2 प्रवीण कुमार वर्मा व अन्य न्यायिक अधिकारियों ने विद्यार्थियों को न्यायालय की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से समझाया। विद्यार्थियों ने साक्ष्य संकलन, वाद-विवाद व परिवाद प्रक्रिया जैसी महत्वपूर्ण कानूनी बारीकियों को प्रत्यक्ष रूप से देखा। अधिकारियों ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उनके द्वारा पूछे गए विभिन्न विधिक प्रश्नों के उत्तर भी दिए।

करियर में होगी सहायक: विभागाध्यक्ष डॉ. गौरव गुप्ता ने बताया कि इस भ्रमण से विद्यार्थियों को न्यायिक प्रणाली की संरचना समझने में मदद मिली है, जो उनके भविष्य के चिकित्सा करियर में सहायक सिद्ध होगी। कॉलेज के प्राचार्य व चिकित्सालय अधीक्षक डॉ. पुनीत आर. शाह ने इस गतिविधि की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे विद्यार्थियों में न्यायिक प्रणाली की वास्तविक समझ विकसित होगी।

RELATED ARTICLES