Site icon Aditya News Network – Kekri News

तालाब में नहाने गए बुजुर्ग की पानी में डूबने से मौत, एक घंटे की मशक्कत के बाद निकाला शव

केकड़ी: बुजुर्ग के तालाब में डूबने की जानकारी मिलने पर मौके पर जमा भीड़।

केकड़ी, 18 मार्च (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सदर थाना क्षेत्र के प्रान्हेड़ा गांव में बुधवार शाम बाला सागर तालाब में नहाने गए एक 75 वर्षीय बुजुर्ग की पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर छा गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रान्हेड़ा निवासी दयाल माली (75) पुत्र गोकुल माली शाम के समय गांव के पास स्थित बाला सागर तालाब में नहाने के लिए गए थे। जब वे काफी देर तक घर वापस नहीं लौटे, तो परिजनों को चिंता हुई व उन्होंने उनकी तलाश शुरू की।

घाट पर मिले कपड़े व चप्पल: तलाश के दौरान तालाब के घाट पर बुजुर्ग के कपड़े व चप्पल रखे मिले, जिससे किसी अनहोनी की आशंका गहरा गई। इसके तुरंत बाद ग्रामीणों की मदद से तालाब के पानी में खोजबीन शुरू की गई। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने बुजुर्ग के शव को बाहर निकाला। परिजन आनन-फानन में उन्हें लेकर चिकित्सालय पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली व आवश्यक कानूनी कार्यवाही में जुट गई है।

Exit mobile version