केकड़ी, 14 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी में रविवार को संविधान निर्माता डॉ.भीमराव अम्बेडकर की जयंती विविध आयोजनों के साथ मनाई गई। इस मौके पर विधायक शत्रुघ्न गौतम, जिला कलक्टर श्वेता चौहान, नगर परिषद सभापति कमलेश साहू सहित अन्य ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया एवं श्रद्धासुमन अर्पित किए। पुष्पाजंलि से पहले कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर दुग्धाभिषेक किया गया।

पुष्पवर्षा से किया रैली का स्वागत अम्बेडकर वेलफेयर सोसायटी सहित विभिन्न संगठनों की ओर से आयोजित पुष्पांजलि कार्यक्रम के बाद गौतम ने विशाल रैली को नीली झण्ड़ी दिखाकर रवाना किया। रैली नगर परिषद से रवाना हुई। जो तीनबत्ती चौराहा, अजमेरी गेट, घण्टाघर, सदर बाजार, खिड़की गेट, सूरजपोल गेट, भैरू गेट, बस स्टैण्ड होते हुए वापस नगर परिषद पहुंच कर सम्पन्न हुई। रैली का शहरवासियों ने पुष्पवर्षा से स्वागत किया।

श्रद्धासुमन अर्पित किए बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयन्ती पर जिला कलक्टर श्वेता चौहान ने जिला कलेक्ट्रेट परिसर एवं अंबेडकर सर्किल स्थित बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया एवं नमन कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस मौके पर जिला कलक्टर श्वेता चौहान ने कहा कि हम सब को बाबा साहब के आदर्शों और जीवन मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लेना चाहिए। इस दौरान जिले के सभी अधिकारियों व प्रबुद्धजन ने बारी-बारी से बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

भारतीय जनता पार्टी भाजपा शहर मण्डल की ओर से रविवार को राजपुरा रोड स्थित नीलम मैरिज गार्डन में संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती मनाई गई। विधायक शत्रुघ्न गौतम, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी राजेन्द्र विनायका, मंडल अध्यक्ष अनिल राठी, जिला मंत्री रामकिशन गुर्जर, महिला मोर्चा जिला उपाध्यक्ष पूनम कंवर, जिला मंत्री दमयंती जोशी, नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र चौधरी, पूर्व मंडल अध्यक्ष रामनिवास तेली, बलराज मेहरचंदानी सहित अन्य ने बाबा साहब के चित्र के समक्ष पुष्पांजलि की।

बाबा साहब ने दिया बेहतरीन संविधान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक शत्रुघ्न गौतम ने कहा कि भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर ने संविधान निर्माता के रूप में देश को बेहतरीन संविधान का प्रारूप प्रदान किया। देश का प्रत्येक नागरिक प्रगति के पथ पर आगे बढ़े इसके लिए बाबा साहब ने हमेशा संघर्ष किया। उसी का परिणाम है कि आज देश के निवासियों में खुशहाली का वातावरण है। संचालन महामंत्री विजयवर्गीय रामबाबू सागरिया ने किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।

ब्लॉक एवं नगर कांग्रेस कमेटी कांग्रेस की ओर से नगर परिषद में बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर की जयंती का आयोजन किया गया। इस दौरान नगर कांग्रेस अध्यक्ष हेमंत जैन, नगर परिषद सभापति कमलेश साहू, रतन पंवार, धन्नालाल डसाणियां, राजेश मेघवंशी, रामेश्वर गढ़वाल समेत अनेक कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तथा पुष्पाजंलि कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस मौके पर अनेक कांग्रेसजन मौजूद रहे।