केकड़ी, 24 मार्च (आदित्य न्यूज नेटवर्क): कक्षा 10वीं के बोर्ड परीक्षा परिणामों में राव अमर सिंह सेकेंडरी विद्यालय के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए संस्थान का नाम गौरवान्वित किया है। विद्यालय का परीक्षा परिणाम इस वर्ष अत्यंत शानदार रहा, जिसमें कई विद्यार्थियों ने मेरिट अंक प्राप्त किए हैं। परिणामों के अनुसार कृष प्रताप सिंह ने 95.17% अंक प्राप्त कर प्रथम, मेहुल मीणा ने 94.33% अंकों के साथ द्वितीय, अभिनव नाथ योगी ने 93.50% अंक के साथ तृतीय एवं निशा गुर्जर ने 91.00% अंक प्राप्त की चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। सफलता की इस खुशी में विद्यालय परिसर में उत्सव का माहौल रहा। संस्थापक राव आनंद सिंह जूनिया ने सभी सफल विद्यार्थियों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे इसी प्रकार निरंतर परिश्रम कर अपने गुरुजनों व माता-पिता का नाम रोशन करते रहें।
हर्षोल्लास के साथ हुआ सम्मान: निदेशक रघु राज सिंह जूनिया ने सभी मेधावी छात्र-छात्राओं का माल्यार्पण कर व मिठाई खिलाकर अभिनंदन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को आगामी उच्च शिक्षा के लिए मार्गदर्शन दिया व शुभकामनाएं प्रेषित की। प्रधानाचार्य अनुराधा माहेश्वरी ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि को उनकी कड़ी मेहनत व शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम बताया। उन्होंने सभी बच्चों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने व निरंतर प्रगति पथ पर अग्रसर रहने हेतु प्रोत्साहित किया। विद्यालय परिवार व समस्त स्टाफ ने इस शानदार परिणाम पर प्रसन्नता व्यक्त की है।

