केकड़ी, 29 जनवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी क्षेत्र के यात्रियों व श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है। विधायक शत्रुघ्न गौतम की अनुशंसा पर केकड़ी डिपो में शुक्रवार से चार नई रोडवेज बसों का संचालन शुरू किया जा रहा है। इन बसों के शुरू होने से प्रमुख धार्मिक स्थलों व पड़ोसी जिलों तक की राह आसान हो जाएगी। केकड़ी डिपो के मुख्य प्रबंधक हेमराज मीणा ने बताया कि खाटू श्याम के लिए सुबह 5 बजे, सांवरिया सेठ के लिए सुबह 6.45 बजे, गोवर्धन के लिए सुबह 8 बजे एवं सवाई माधोपुर के लिए सुबह 8.30 बजे का समय निर्धारित किया गया है। मीणा ने बताया कि विधायक महोदय की पहल पर शुरू की गई इन सेवाओं का उद्देश्य आमजन को सुलभ व सस्ती परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है। आगामी दिनों में बेड़े में और भी नई बसें शामिल की जाएंगी, जिससे दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों को सीधे रोडवेज सेवा से जोड़ा जा सकेगा।


