केकड़ी, 26 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी जिले के सावर थाना इलाके के कुशायता गांव में खेत पर बनी झोपड़ी में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग से झोपड़ी में सो रहा किसान झुलस गया। किसान को झुलसी हुई अवस्था में सावर के अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से हालत गंभीर होने पर केकड़ी जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
फसल की रखवाली कर रहा था किसान जानकारी के अनुसार कुशायता निवासी 60 वर्षीय बन्नालाल बैरवा पुत्र नाथू लाल बैरवा अपने खेत पर जीरे की फसल की रखवाली करने गया था। किसान वहां पर बनी झोपड़ी में सोया हुआ था। सोमवार को अलसुबह अज्ञात कारणों के चलते झोपड़ी में आग लग गई। झोपड़ी धूं-धूं कर जलने लगी। आग से झोपड़ी में सो रहा किसान झुलस गया। किसान के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के खेतों में रखवाली वाले किसान और ग्रामीण भाग कर आए।

कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला लोगों ने किसान को कड़ी मशक्कत के बाद झुलसी हुई अवस्था में बाहर निकाला। किसान को सावर के राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद केकड़ी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है। सावर थाना प्रभारी रतन सिंह तंवर ने बताया कि पुलिस ने घटना के बाद मौका मुआयना किया है। मौके पर किसी तरह के कोई निशान नहीं मिले हैं। आग किन कारणों से लगी इसकी जांच की जा रही है। परिजनों ने किसी पर कोई शंका नहीं जताई है।
आग से कृषि उपकरण भी जले आग लगने से झोपड़ी में रखी बाइक सहित डीजल इंजन के पाइप व अन्य सामान भी जलकर राख हो गए। लोगों ने बताया कि झोपड़ी घास-फूस से बनी हुई थी, जिससे झोपड़ी धूं-धूं कर जलने लगी। आग की लपटें दूर से ही दिखाई दे रही थी। कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक झोपड़ी जलकर राख हो चुकी थी।