केकड़ी, 23 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी में गोवर्धन व घास भैरू की सवारी के दौरान हुई भीषण आतिशबाजी में शहर व आस-पास के गांवों के कुल 230 से अधिक युवा व बच्चे झुलस गए। पटाखाबाजी में झुलसे अधिकांश लोगों को राजकीय जिला चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। वहीं झाड़ली निवासी एक युवक को 40 प्रतिशत से अधिक झुलसने के कारण अस्पताल में भर्ती कर उपाचार किया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार आतिशबाजी के दौरान हुए हादसों में 6 से अधिक पुलिसकर्मी झुलस गए अथवा घायल हो गए। शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर व सदर थाना पुलिस ने कुल 17 लोगों को शांतिभंग में गिरफ्तार किया है।

ये हुए चोटिल: आतिशबाजी की घटना में सिटी थाना पुलिस के हेड कांस्टेबल कालूराम माली के सिर में टांके आए, जबकि कांस्टेबल राकेश यादव का सीने व हाथ का बड़ा हिस्सा जल गया। वहीं कांस्टेबल नीरज सिंह के पैर में चोट लग गई। बताया गया है कि पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा व सिटी थानाधिकारी कुसुमलता मीणा को भी मामूली चोटें आई है तथा वर्दी का कुछ हिस्सा जला है। आतिशबाजी के दौरान स्थिति नियंत्रण करने के प्रयास में सिटी थाना पुलिस ने हुड़दंग मचाते हुए कुल 50 युवकों को हिरासत में लिया, जिन्हें आवश्यक हिदायत के बाद छोड़ दिया गया। इसके अलावा पुलिस ने लड़ाई-झगड़ा कर रहे 4 युवकों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया है।

गुलगांव में पथराव, पुलिसकर्मी घायल: इसी बीच गुलगांव में दो पक्षों के बीच चल रहे पथराव में बीच-बचाव करने पहुंचे सदर थाना पुलिस के कांस्टेबल केदार सिंह के सिर में पत्थर लगने से उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों के कुल 13 जनों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया है। कुल मिलाकर त्योहार की खुशियों के बीच हुई इस आतिशबाजी व उपद्रव की घटनाओं में कई लोग घायल हुए तथा पुलिस को सख्ती दिखाते हुए कुल 17 लोगों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार करना पड़ा।


