Site icon Aditya News Network – Kekri News

पशुधन संरक्षण की बड़ी कवायद: खुरपका-मुंहपका टीकाकरण शुरू, 46 हजार पशु होंगे लाभान्वित, दो माह तक चलेगा सघन अभियान

केकड़ी: जयपुर रोड स्थित गोशाला में खुरपका-मुंहपका रोग के उन्मूलन के लिए टीकाकरण करते पशुपालन विभाग के अधिकारीगण।

केकड़ी, 16 मार्च (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राज्य सरकार के निर्देशानुसार खुरपका-मुंहपका (FMD) रोग के उन्मूलन के लिए प्रदेश व्यापी टीकाकरण अभियान की शुरुआत सोमवार से की गई। जयपुर में कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने दोपहर बाद राज्य स्तरीय समारोह में अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। इसी कड़ी में स्थानीय स्तर पर जयपुर रोड स्थित गौशाला में गौशाला पदाधिकारियों व पशुपालन विभाग के अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में टीकाकरण कार्य शुरू किया गया। यह महत्वपूर्ण अभियान आगामी 15 मई तक यानी दो महीने तक निरंतर संचालित किया जाएगा। केंद्र सरकार की मंशा के अनुरूप पशुओं को इस गंभीर बीमारी से बचाने के लिए वर्ष में दो बार नियमित टीकाकरण किया जाता है। अकेले केकड़ी ब्लॉक क्षेत्र में लगभग 46,000 गौवंश व भैंस वंश को इस सुरक्षा चक्र से कवर करने का लक्ष्य रखा गया है।

विभागीय टीम व गौशाला पदाधिकारी रहे मौजूद: अभियान के पहले दिन गौशाला परिसर में वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारियों की देखरेख में पशुओं को टीका लगाया गया। इस अवसर पर पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. अमित कुमार पारीक, वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनीता कुमावत, पशुधन निरीक्षक राम सिंह चौधरी, निरमा जैन व सावित्री झारोटिया ने टीकाकरण की कमान संभाली। इस मौके पर गौशाला समिति के अध्यक्ष मदन गोपाल चौधरी, चंद्रप्रकाश विजय, रामनारायण डांगा, आनंद शारदा, दुर्गेश राठी, विजय बियानी व दिनेश काबरा सहित अनेक प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। विभाग ने समस्त पशुपालकों से अपील की है कि वे इस दो माह के अभियान के दौरान अपने पशुओं का टीकाकरण अवश्य करवाएं ताकि पशुधन को बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।

Exit mobile version