Wednesday, March 18, 2026
Homeक्राइम न्यूजलोन दिलाने के नाम पर केवाईसी व फिंगर प्रिंट लेकर की धोखाधड़ी,...

लोन दिलाने के नाम पर केवाईसी व फिंगर प्रिंट लेकर की धोखाधड़ी, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शुरू की जांच

केकड़ी, 18 मार्च (आदित्य न्यूज नेटवर्क): बैंक मैनेजर व बैंक प्रतिनिधि बनकर लोन दिलाने का झांसा देने एवं एक व्यक्ति से ठगी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर शहर थाना पुलिस ने धोखाधड़ी व अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जलदाय विभाग के एक कर्मचारी ने न्यायालय के माध्यम से इस्तगासा पेश कर बताया कि सितम्बर 2025 में उसके पास एक महिला का फोन आया, जिसने स्वयं को निजी बैंक की मैनेजर मोनिका बताया। उसने पीड़ित को पर्सनल लोन दिलाने का प्रलोभन दिया। इसके बाद केवाईसी व सिबिल स्कोर चेक करने के नाम पर विजय नामक व्यक्ति पीड़ित से मिला। आरोपी विजय ने पीड़ित के मोबाइल पर ऑनलाइन प्रक्रिया के नाम पर आधार नंबर व फिंगर प्रिंट लिए। साथ ही कुछ दस्तावेजों व भारतीय स्टेट बैंक के चेक पर हस्ताक्षर करवा लिए।

बंद किया फोन उठाना: आरोपियों ने पीड़ित के नाम पर 68,410/- रुपए का एडवांस सैलरी लोन पास करवा लिया व उस राशि को स्वयं के खातों में ट्रांसफर कर लिया। इतना ही नहीं पीड़ित द्वारा दिए गए चेक का दुरुपयोग करते हुए उसमें 18,200/- रुपए भरकर अतिरिक्त राशि भी निकाल ली गई। पीड़ित द्वारा बार-बार राशि मांगने पर आरोपियों ने टालमटोल की व फोन उठाना बंद कर दिया। शहर थाना पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर मोनिका, विजय व संतोष कुमार के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 316(2), 338, 336(3), 340(2) व 61(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

RELATED ARTICLES