केकड़ी, 31 जनवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): लायंस क्लब केकड़ी एवं डीडी नेत्र फाउंडेशन कोटा के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 8 फरवरी 2026 रविवार को जयपुर रोड पोकी नाडी स्थित लॉयन्स भवन में नि:शुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में डीडी नेत्र चिकित्सालय कोटा के विशेषज्ञ चिकित्सक सेवाएं देंगे। सुबह 10 बजे से जांच व भर्ती होगी। शिविर में भर्ती रोगियों को उसी दिन कोटा ले जाया जाएगा।

कोटा में होंगे ऑपरेशन: अगले दिन डीडी नेत्र चिकित्सालय कोटा में ऑपरेशन कर लैंस प्रत्यारोपित किए जाएंगे। रोगियों को लैंस, आवास, फल, दवा, भोजन, हरी पट्टी, चश्मे आदि क्लब की ओर से निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। शिविर का आयोजन स्वर्गीय लक्ष्मण सिंह राठौड़ एवं स्वर्गीय सौभाग कंवर राठौड़ की पुण्य स्मृति में भागीरथ सिंह राठौड़, भगवान सिंह राठौड़, आनंद सिंह राठौड़, विष्णु सिंह राठौड़, नरेंद्र सिंह राठौड़, मिथलेश कंवर राठौड़ देवगांव वालों के सहयोग से किया जा रहा है।

फिजियोथैरेपी, दंत व हड्डी रोग परामर्श: नेत्र चिकित्सा के साथ-साथ शिविर में अन्य बीमारियों के लिए भी विशेषज्ञ उपलब्ध रहेंगे। शिविर में डॉ. रामेश्वर चौधरी द्वारा कमर, घुटने, हाथ-पैर के दर्द व फिजियोथैरेपी से संबंधित रोगियों का निःशुल्क उपचार किया जाएगा। वहीं दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. श्रद्धा कंवर द्वारा दांतों से संबंधित समस्त रोगों की जांच की जाएगी तथा आर्थोपेडिक सर्जन डॉ. खुशवंत सिंह राठौड़ द्वारा हड्डियों से संबंधित रोगों की जांच व उचित परामर्श दिया जाएगा।

