Site icon Aditya News Network – Kekri News

निःशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर का आयोजन: 60 से अधिक ग्रामीणों की हुई स्वास्थ्य जांच, वितरित की गई दवाइयां

केकड़ी: अजगरा में आयोजित शिविर में ग्रामीणों की जांच करते चिकित्सक।

केकड़ी, 09 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ होम्योपैथी के तत्वावधान में सोमवार को गोद ग्राम योजना के तहत समीपवर्ती अजगरा ग्राम के आंगनवाड़ी केंद्र पर एक दिवसीय निःशुल्क होम्योपैथिक स्वास्थ्य जांच व चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। कॉलेज के सामुदायिक चिकित्सा विभाग द्वारा आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी स्वास्थ्य जांच करवाई व निःशुल्क दवाइयां प्राप्त की। शिविर के दौरान सर्दी-जुकाम, जोड़ों का दर्द, पाचन संबंधी विकार, त्वचा रोग व एनीमिया जैसे सामान्य रोगों से पीड़ित रोगियों का उपचार किया गया। सामुदायिक चिकित्सा विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अनुभ्री नगर के समन्वय में आयोजित इस शिविर में डॉ. लक्की चौहान व नर्सिंग स्टाफ वीरेन्द्र प्रताप सिंह ने अपनी सेवाएं दी।

विद्यार्थियों ने किया जागरूक: शिविर में बी.एच.एम.एस. चतुर्थ वर्ष के विद्यार्थियों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। विद्यार्थियों ने ग्रामीणों को स्वास्थ्य जागरूकता व स्वच्छता के महत्व की जानकारी दी। महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. पुनीत आर. शाह ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान मिलता है व ग्रामीण आबादी को सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त होती है। स्वास्थ्य सेवाओं की सुलभता को देखते हुए ग्रामीणों ने इस प्रयास की सराहना की व भविष्य में भी इस तरह के जनकल्याणकारी चिकित्सा शिविर आयोजित करने की मांग की।

Exit mobile version