केकड़ी, 16 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राजकीय महाविद्यालय केकड़ी में छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाने के लिए ब्लॉक स्तरीय रानी लक्ष्मीबाई केंद्र की स्थापना की गई है। प्राचार्य चेतन लाल रेगर ने बताया कि इस केंद्र के माध्यम से कॉलेज में अध्ययनरत सभी छात्राओं के लिए चार सप्ताह का निःशुल्क आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। यह शिविर महाविद्यालय के नियमित समय के अतिरिक्त समय में होगा ताकि अधिकतम छात्राएं इसका लाभ उठा सके। उन्होंने बताया कि इस शिविर का प्राथमिक लक्ष्य आत्मरक्षा कौशल संवर्धन के माध्यम से छात्राओं में आत्मविश्वास व सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है। इसके साथ ही छात्राओं को मानसिक व शारीरिक रूप से सशक्त बनाना भी इस पहल का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।
सिखाएंगे आत्मरक्षा के कौशल: प्रशिक्षण शिविर में छात्राओं को आत्मरक्षा के विविध कौशल सिखाए जाएंगे। इसके लिए पुलिस प्रशासन, विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों (NGOs) और अन्य संबंधित संस्थाओं का सहयोग लिया जाएगा। शारीरिक सशक्तिकरण के लिए ध्यान व योगाभ्यास भी शिविर का हिस्सा होगा। छात्राओं को उनके कानूनी अधिकारों व सुरक्षा उपायों के बारे में भी विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी ताकि वे जागरूक और सशक्त बन सके। प्राचार्य ने बताया कि प्रत्येक बैच में 25 से 50 छात्राओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस केंद्र की स्थापना से केकड़ी की छात्राओं को निश्चित रूप से अपनी सुरक्षा व आत्मविश्वास के प्रति एक नई दिशा मिलेगी।