Site icon Aditya News Network – Kekri News

गुडलक व फेयरवेल समारोह: सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच सीनियर्स को दी भावभीनी विदाई, विद्यार्थियों ने साझा किए स्कूल के अनुभव

केकड़ी: श्री सुधासागर दिगंबर जैन विद्या विहार में आयोजित गुडलक व फेयरवेल समारोह में नृत्य प्रस्तुत करती छात्राएं।

केकड़ी, 03 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सापंदा रोड स्थित श्री सुधासागर दिगंबर जैन विद्या विहार सीनियर सैकण्डरी स्कूल में गुडलक व फेयरवेल समारोह विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ धूमधाम से मनाया गया। समारोह का शुभारंभ संस्था अध्यक्ष संजय कटारिया व सचिव आनन्द सोनी ने मां सरस्वती के मनोहारी चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलन से किया। कार्यक्रम की शुरुआत कक्षा नौ की छात्राओं ने संगीतमय गुरु वन्दना से की। तत्पश्चात कक्षा नौ की छात्राओं ने नाटिका के माध्यम से वरिष्ठ विद्यार्थियों का स्वागत किया तथा विद्यार्थियों ने सुनो तो जरा हमको है यह कहनागीत द्वारा अपने भाव प्रकट किए। कक्षा दस की छात्राओं ने भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। आरुषि, पायल, कृष्णा चौधरी व अदितिराज मीणा आदि विद्यार्थियों ने शिक्षकगणों के प्रति आभार प्रकट करते हुए स्कूल के दिनों के बेहतरीन अनुभव साझा किए।

सफलता प्राप्त करने की कामना: कार्यक्रम के दौरान प्रियांशी साहू एवं ग्रुप तथा सक्षम जैन एवं ग्रुप की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ कक्षा ग्यारह के विद्यार्थियों ने सीनियर्स को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी। इसी प्रकार कक्षा नौ व दस के विद्यार्थियों ने भी मनोरम प्रस्तुति दी, जिसमें कक्षा नौ के विद्यार्थियों ने दसवीं के विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएं दी। समारोह के दौरान शिक्षकगणों ने सभी विद्यार्थियों को दही-मिश्री खिलाकर और तिलक लगाकर, उनके लिए बोर्ड परीक्षा में अच्छे अंकों से सफलता प्राप्त करने की कामना की। इस अवसर पर विभिन्न प्रकार के मनोरंजक खेल भी आयोजित किए गए, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

केकड़ी: श्री सुधासागर दिगंबर जैन विद्या विहार में आयोजित गुडलक व फेयरवेल समारोह में नृत्य प्रस्तुत करती छात्राएं।

अनुशासन से मिलती सफलता: संस्था अध्यक्ष संजय कटारिया व सचिव आनन्द सोनी ने इस अवसर पर विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देते हुए कहा कि वे कड़ी मेहनत व अनुशासित जीवन से अपने लक्ष्य को प्राप्त करने में शानदार सफलता अर्जित करें और स्कूल, परिवार व क्षेत्र का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता के लिए सबसे बड़ी शक्ति, माता-पिता व गुरुजनों का आशीर्वाद है। निदेशक अजय जैन, प्रधानाचार्य सत्यनारायण खंडेलवाल व उपप्रधानाचार्य कैलाशचन्द शर्मा ने आभार व्यक्त करते हुए बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका विद्या वासवानी के मार्गनिदेशन में छात्रा आस्था त्रिपाठी, प्रियांशी साहू, अनुष्का जैन व कनिष्क राठौड़ ने किया।

Exit mobile version