केकड़ी, 06 मार्च (आदित्य न्यूज नेटवर्क): प्राचीन सिद्धपीठ श्री कालाभाटा महादेव मंदिर परिसर मेवदाकलां में आगामी 25 अप्रैल से 3 मई 2026 तक भव्य व दिव्य धार्मिक महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है। प्राचीन सिद्धपीठ श्री कालाभाटा महादेव के आशीर्वाद व परम तपस्वी गुरुदेव श्री श्री 1008 सिद्ध योगीराज श्री देबीनाथ महाराज के परम कृपा पात्र, गौ-संत सेवी योगीराज श्री हीरानाथ महाराज के पावन सानिध्य में यह आयोजन सम्पन्न होगा। इस अवसर पर वेदाचार्य पण्डित रविशंकर आचार्य (माण्डल) के आचार्यत्त्व में 13 विद्वान पण्डितों द्वारा एक कुण्डीय शतचण्डी यज्ञ अनुष्ठान किया जाएगा। यह अनुष्ठान वैशाख शुक्ल नवमी, शनिवार 25 अप्रैल से प्रारंभ होकर ज्येष्ठ कृष्णा द्वितीया, रविवार 3 मई 2026 तक चलेगा।

कल्पवृक्ष का होगा विवाह: इस महोत्सव का मुख्य आकर्षण कल्पवृक्ष विवाह होगा। मान्यता है कि अमृत मंथन से निकले 14 रत्नों में से एक रत्न ‘कल्पवृक्ष‘ मन्दिर परिसर में स्थित है, जिसका विवाह संस्कार पण्डित रविशंकर आचार्य के सान्निध्य में वैशाख शुक्ल पूर्णिमा, 1 मई 2026 को पूरी भव्यता के साथ आयोजित किया जाएगा। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन राष्ट्रसंत श्रद्धेय स्वामी गोविन्ददेव गिरी महाराज के परम शिष्य एवं कथावाचक भागीरथ सारस्वत सेलू जिला परभणी (महाराष्ट्र) के मुखारबिन्द से श्रीराम कथा की अमृत वर्षा होगी।

विशाल हरि संकीर्तन: समापन के अवसर पर 3 मई को यज्ञ की पूर्णाहूति होगी, जिसमें 251 गांवों की ‘हरि बोल प्रभात‘ मंडलियों द्वारा सामूहिक हरिकीर्तन किया जाएगा। तत्पश्चात विशाल महाप्रसादी का आयोजन होगा। मन्दिर प्रवक्ता चन्दू पण्डित ने बताया कि इस भव्य महोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। समस्त भक्तजनों व आयोजन समिति ने धर्मप्रेमियों से सपरिवार पधारकर इस अलौकिक आयोजन का लाभ उठाने व सहयोग करने की अपील की है।


