Friday, August 15, 2025
Homeसमाजआर्यिका स्वस्ति भूषण माताजी का केकड़ी में ऐतिहासिक मंगल प्रवेश, विधायक शत्रुघ्न...

आर्यिका स्वस्ति भूषण माताजी का केकड़ी में ऐतिहासिक मंगल प्रवेश, विधायक शत्रुघ्न गौतम ने की अगवानी, जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत

केकड़ी, 15 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): आर्यिका स्वस्ति भूषण माताजी का मंगलवार को केकड़ी नगर में मंगल प्रवेश हुआ। समाज के अध्यक्ष ज्ञानचंद जैन ज्वेलर्स ने बताया कि सुबह सुबह देवली कोटा सावर तिराहे पर विधायक शत्रुघ्न गौतम सहित समाज के लोगों ने माताजी की अगवानी की। अगवानी के बाद भव्य जुलूस निकाला गया। जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए बोहरा कॉलोनी स्थित नेमिनाथ मंदिर पहुंचकर सम्पन्न हुआ। रास्ते में श्रद्धालुओं ने माताजी का पाद प्रक्षालन किया और पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया। जुलूस मार्ग में जगह-जगह स्वागत द्वार और बैनर-पोस्टर लगाए गए। वहीं खामगांव महाराष्ट्र से आए महावीर जैन ने आकर्षक रंगोली बनाई।

सजाए आकर्षक स्वागत द्वार जुलूस के दौरान शुभकामना परिवार के 14 ग्रुप ने 14 आकर्षक स्वागत द्वार बनाकर माताजी का अभिनंदन किया। इसी प्रकार सकल दिगम्बर जैन समाज की महिला मंडल, राजुल महिला मंडल, शांतिनाथ बहू मंडल, विशुद्ध वर्धिनी महिला मंडल, आदिनाथ बहू मंडल, वामा महिला मंडल, त्रिशला महिला मंडल, दिगंबर जैन महिला मंडल, महिला महासमिति और सकल दिगंबर जैन समाज की सभी महिलाओं और पुरुषों ने उत्साहपूर्वक माताजी की अगवानी में भाग लिया। जुलूस में ‘मां विशुद्ध महिला जयघोष’ विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

केकड़ी: बोहरा कॉलोनी स्थित नेमिनाथ मंदिर में दर्शन करते विधायक शत्रुघ्न गौतम।

जैन सिद्धांतों पर डाला प्रकाश जुलूस नेमिनाथ मंदिर पहुंचने के बाद धर्मसभा में परिवर्तित हो गया। अपने प्रवचन में आर्यिका श्री स्वस्ति भूषण माताजी ने जैन धर्म के गूढ़ रहस्यों को सरल शब्दों में समझाया। उन्होंने अनेकांतवाद और स्यादवाद के सिद्धांतों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ये दो सिद्धांत जैन धर्म को समझने के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने दैनिक जीवन के उदाहरणों के माध्यम से इन सिद्धांतों की महत्ता को स्पष्ट किया और युवाओं से आग्रह किया कि वे इन्हें समझकर अपने जीवन में धर्म और समता को महत्व दें।

ये रहे लाभार्थी धर्मसभा की शुरुआत में भगवान महावीर, आचार्य ज्ञान सागर और आचार्य विद्याभूषण सन्मति सागर महाराज के चित्रों का अनावरण एवं दीप प्रज्ज्वलन पदमचंद पाटनी देवली, विनोद जैन पारस चैनल कोटा, अनिल मित्तल, गोविंद जैन सदारा, बीजेपी नगर अध्यक्ष रितेश जैन और सभी जैन मंदिरों के अध्यक्षों द्वारा किया गया। पाद प्रक्षालन का लाभ भागचंद, ज्ञानचंद, सुनील कुमार जैन ज्वेलर्स परिवार को प्राप्त हुआ। पारस मल महावीर प्रसाद बघेरा, ओम प्रकाश गोविंद जैन सदारा व कैलाश चंद पीयूष कुमार जैन मावा वालों ने माताजी को शास्त्र भेंट किए।

केकड़ी: शिवम वाटिका में आयोजित धर्मसभा में उपस्थित श्रद्धालु।

मंगलाचरण से हुआ शुभारंभ कार्यक्रम की शुरुआत राजुल महिला मंडल की अध्यक्ष चंद्रकला जैन द्वारा प्रस्तुत किए गए मंगलाचरण से हुई। इसके पश्चात अनुष्का, वारिधि और साक्षी ने अपनी सुन्दर भक्तिमय प्रस्तुति से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। मीडिया प्रभारी रमेश बंसल व पारस जैन ने बताया कि प्रतिदिन शाम 7 बजे शिवम वाटिका में माताजी के सानिध्य में आनंद यात्रा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु धर्म लाभ ले सकेंगे।

RELATED ARTICLES