Site icon Aditya News Network – Kekri News

फाग महोत्सव: ठाकुर जी के दरबार में खेली फूलों की होली, भजनों की सरिता में झूमे श्रद्धालु, इत्र वर्षा से महका मंदिर परिसर

केकड़ी: ठाकुरजी के लिए मुकुट समर्पित करते श्रद्धालु।

केकड़ी, 04 मार्च (आदित्य न्यूज नेटवर्क): धुलंडी के पावन अवसर पर पुरानी केकड़ी स्थित श्री चारभुजा नाथ मंदिर में मंगलवार रात्रि को विशाल फाग महोत्सव हर्षोल्लास, आस्था व भक्तिमय वातावरण के बीच भव्य रूप से संपन्न हुआ। मंदिर प्रांगण रंग-बिरंगे फूलों, आकर्षक सजावट व भक्ति रस की अविरल धारा से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री चारभुजा नाथ व श्याम बाबा सरकार के समक्ष दीप प्रज्वलन व मंगलाचरण के साथ हुआ। आयोजन समिति के संयोजक मुकेश कुमार मूंदड़ा ने बताया कि फागोत्सव के अंतर्गत फूलों की होली, इत्र वर्षा, अखंड ज्योति प्रज्वलन व मुकुट सेवापर्ण जैसे विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए।

केकड़ी: फाग महोत्सव में प्रस्तुति देते गायक कलाकार व उपस्थित जनसमूह।

सजाया आकर्षक दरबार: सावर के श्री श्याम दीवाने ग्रुप द्वारा बाबा श्याम का भव्य व मनमोहक दरबार सजाया गया, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। भजन गायक भगवान गोस्वामी (शाहपुरा), अभिषेक जैन (सावर) व दिनेश म्यूजिकल ग्रुप (पंडेर) ने फाग व होली के रसिया भजनों की सुमधुर प्रस्तुतियां दीं। भक्ति गीतों पर श्रद्धालुओं ने फूलों की होली खेलते हुए नृत्य किया व प्रेम, भाईचारे व सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया। मंदिर पुजारी कमल किशोर पाराशर ने विधिवत मंत्रोच्चार के साथ ठाकुर जी को मुकुट शिरोधार्य करवाया। इस मौके पर मुख्य अतिथि सावर नगर पालिका अध्यक्ष विश्वजीत सिंह शक्तावत ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम समाज में एकता व आध्यात्मिक चेतना को सुदृढ़ करते हैं।

प्रसाद वितरण से हुआ समापन: आयोजन समिति की ओर से सहयोगकर्ता ओमप्रकाश सोनी सहित भजन गायकों व म्यूजिकल टीम का माला व उपरणा पहनाकर सम्मान किया गया। महोत्सव के सफल आयोजन में मुकेश कुमार मूंदड़ा, डॉ. निशा मूंदड़ा, सुमन झंवर, ओमप्रकाश सोनी, धनराज राठी, हरिनारायण मंत्री, महावीर सोनी, कुशल झंवर, रोहित जैन, आशीष जैथलिया, शंकर पाराशर, रविंद्र पाराशर, सुमेर पाराशर, बाबू पाराशर, धनश्याम पाराशर, सोनू सिंधी, छीतरमल न्याती, निखिल सोनी, इलू सोनी, राहुल सोनी, महावीर जांगिड़, राजकुमार सोनी, शंकर माली सहित अनेक कार्यकर्ताओं व प्रबुद्धजनों का विशेष सहयोग रहा। अंत में प्रसाद वितरण के साथ महोत्सव का समापन हुआ।

Exit mobile version