Sunday, October 26, 2025
Homeक्राइम न्यूजलुटेरी दुल्हन का 'हनीमून फ्रॉड', शादी के एक माह बाद लाखों के...

लुटेरी दुल्हन का ‘हनीमून फ्रॉड’, शादी के एक माह बाद लाखों के जेवर व नकदी लेकर हुई फरार, दलाल ने भी हड़पे लाखों रुपए

केकड़ी, 04 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अजमेर जिले में केकड़ी वृत के भिनाय थाना क्षेत्र में शादी के एक महीने बाद दुल्हन के घर से फरार होने का मामला सामने आया है। लुटेरी दुल्हन घर से करीब 3 लाख के सोने-चांदी के गहने व 50 हजार रुपए लेकर फरार हो गई। बताया जाता है कि दलाल ने भी छत्तीसगढ़ की लड़की से शादी करवाने से पहले 3.48 लाख रुपए हड़प लिए। पीड़ित ने दलाल व दुल्हन के खिलाफ न्यायालय में इस्तगासा दायर किया। भिनाय थाना पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला: भिनाय थाना क्षेत्र के गुढ़ाकलां गांव के रहने वाले सुरेश खाती ने न्यायालय में इस्तागासा दायर कर बताया कि उसकी मुलाकात भीलवाड़ा के भोपाल गर्ग से हुई, जो शादी करवाने की दलाली का काम करता है। भोपाल ने सुरेश को छत्तीसगढ़ की एक लड़की से शादी करवाने का वादा किया और इसके लिए उससे 3.48 लाख रुपए की मांग की। सुरेश ने उस पर भरोसा करके यह राशि नकद व ऑनलाइन माध्यम से चुका दी।

शादी के एक महीने बाद ही हुआ कांड: 30 अगस्त 2024 को किशनगढ़ में दलाल भोपाल ने सुरेश की शादी रिंकी नाम की लड़की से करवा दी। शादी के बाद रिंकी करीब एक महीने तक सुरेश के साथ रही। इस दौरान उसका व्यवहार ठीक नहीं था। कुछ दिन पहले वह घर से बिना बताए चली गई। सुरेश ने जब घर में देखा, तो पता चला कि रिंकी अपने साथ करीब 3 लाख रुपए के सोने-चांदी के गहने 50 हजार रुपए की नकदी भी ले गई है। उन्होंने रिंकी की तलाश की लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला।

दलाल ने दी झूठे केस में फंसाने की धमकी: सुरेश ने तुरंत दलाल भोपाल से संपर्क किया, तो उसने पहले तो टालमटोल की और फिर सुरेश के साथ दुर्व्यवहार करने लगा। जब सुरेश ने अपने पैसे व दुल्हन को वापस लाने की बात की, तो दलाल ने उससे और पैसों की मांग की। पैसे न देने पर उसने सुरेश को लड़की के जरिए झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने भोपाल व रिंकी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

RELATED ARTICLES