Homeशिक्षाप्रतिभाओं का सम्मान: 66 होनहार विद्यार्थियों का ढोल-धमाकों के साथ भव्य अभिनंदन;...

प्रतिभाओं का सम्मान: 66 होनहार विद्यार्थियों का ढोल-धमाकों के साथ भव्य अभिनंदन; गौरवमयी परीक्षा परिणामों पर मनाया जश्न

केकड़ी, 07 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): बोर्ड परीक्षाओं के परिणामों में उत्कृष्ट प्रदर्शन व शहर में टॉप रैंक हासिल करने की खुशी में स्थानीय श्री सुधासागर दिगंबर जैन विद्या विहार सीनियर सेकेंडरी स्कूल में उमंग व हर्षोल्लासपूर्वक उत्सव मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के कुल 66 होनहार विद्यार्थियों का धूमधाम से स्वागत, सत्कार व अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ढोल-धमाकों के साथ हुआ, जहां रैंकर विद्यार्थियों की स्कूल में भव्य अगवानी की गई। स्कूल के अन्य छात्र-छात्राओं ने कतारबद्ध होकर करतल ध्वनि से अपने साथी प्रतिभावान विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। विद्यालय मंच पर सभी होनहारों का तिलक लगाकर, माला पहनाकर व साफा बांधकर सम्मान किया गया तथा मिठाई खिलाकर खुशियां बांटी गई।

इन मेधावी सितारों का हुआ सम्मान: निदेशक अजय जैन ने बताया कि सीनियर सेकेंडरी, सेकेंडरी, आठवीं व पांचवीं बोर्ड परीक्षा में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इनमें वाणिज्य संकाय (12वीं) में शहर में प्रथम पांच सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वाले पार्थ माहेश्वरी, वत्सल जागेटिया, वेदांशी जैन, इशिका जैन, नव्यांशी जैन व भूमि लालवानी, विज्ञान संकाय (12वीं) में शहर में तीसरे स्थान पर रहे नमन जैन, सेकेंडरी बोर्ड (10वीं) में शहर में दूसरे स्थान पर रहे निकुंज विजय तथा बोर्ड परीक्षाओं में विशेष अंक व स्थान प्राप्त करने वाले छात्र दैविक गदिया, रक्षित जैन, नितेश बगालिया, प्रतिज्ञा शर्मा, श्रेया माहेश्वरी, अर्पित जैन, अर्पण जैन, चयन गंगवाल व प्रकृति शर्मा का भी विशेष अभिनंदन किया गया।

केकड़ी: उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों की अगवानी करते विद्यालय के अन्य विद्यार्थी व शाला स्टॉफ के सदस्य।

ए-ग्रेड प्राप्त नन्हे सितारों को मिले स्मृति चिन्ह: समारोह में कक्षा आठवीं बोर्ड के 37 व पांचवीं बोर्ड के 16 उन विद्यार्थियों को भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया, जिन्होंने सभी विषयों में ए-ग्रेडहासिल कर विद्यालय का मान बढ़ाया है। संस्था अध्यक्ष संजय कटारिया व सचिव आनंद सोनी ने सभी विद्यार्थियों के श्रेष्ठ प्रदर्शन की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की मंगल कामना की। इस दौरान संपूर्ण विद्यालय परिवार व अभिभावक उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES