केकड़ी, 30 मार्च (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सरवाड़ थाना पुलिस ने ‘नशा मुक्त अभियान‘ के तहत नाकाबंदी के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध डोडा पोस्त बरामद किया है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त एक बिना नम्बरी मोपेड़ को भी जब्त किया है। थानाधिकारी रामपाल शर्मा ने बताया कि अभियान के लिए गठित विशेष पुलिस टीम द्वारा हिंगतड़ा रोड प्रतापुरा तिराहा पर संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक बिना नम्बरी एक्सैल मोपेड़ को रुकवाकर तलाशी ली गई। मोपेड़ की चेकिंग के दौरान उसमें से कुल 07.550 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से आरोपी जोधराम जाट पुत्र बरदा जाट निवासी अम्बापुरा (केकड़ी शहर) को गिरफ्तार कर लिया।

केस दर्ज, जांच शुरू: पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के साथ-साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बिना नम्बरी एक्सैल मोपेड़ को भी जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ मादक एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि डोडा पोस्त की यह खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील व पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा के निकटतम सुपरविजन में की गई इस कार्रवाई में थानाधिकारी रामपाल शर्मा, कांस्टेबल शुभकरण, दातार सिंह, हरिराम, कमलेश व चालक कांस्टेबल सत्यवीर ने अहम भूमिका निभाई है।


