Homeविधिक सेवासाइबर अपराधों से बचाव के लिए न्यायाधीश ने सुझाया मंत्र— 'बचाव ही...

साइबर अपराधों से बचाव के लिए न्यायाधीश ने सुझाया मंत्र— ‘बचाव ही उपचार है’, हेल्पलाइन 1930 की दी जानकारी

केकड़ी, 10 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट हीरल मीणा ने स्कूली विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे साइबर अपराधों व ब्लैकमेलिंग से डरने के बजाय जागरूक बनें और इसकी सूचना विधिक सेवा समिति को दें। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि ऑनलाइन क्लिक करने से पहले सोचें व सुरक्षित रहें। वे शुक्रवार को सापंदा रोड स्थित श्री सुधासागर दिगंबर जैन विद्या विहार सीनियर सेकेंडरी स्कूल में तालुका विधिक सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित लीगल लिट्रेसी एंड सेंसिटाइजेशन प्रोग्रामको मुख्य अतिथि व मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित कर रही थी। उन्होंने साइबर सुरक्षा व स्त्री सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों के साथ-साथ वर्तमान चुनौतियों से निपटने के गुर सिखाए। उन्होंने बताया कि आधुनिक युग में अपराधियों द्वारा ब्लैकमेलिंग, डिजिटल अरेस्ट, साइबर एब्यूज व तस्वीरों की हार्मफुल एडिटिंग जैसे खतरे बढ़ रहे हैं, जो विद्यार्थियों के लिए जानलेवा साबित हो सकते हैं।

केकड़ी: साइबर जागरूकता कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के साथ एसीजेएम हीरल मीणा।

हेल्पलाइन नंबर 1930 व दीदी बक्साकी पहल: न्यायाधीश ने बताया कि साइबर अपराध का शिकार होने पर विद्यार्थी 1930 नंबर डायल कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही बुलिंग व अन्य प्रताड़ना की स्थिति में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर सूचना दी जा सकती है। उन्होंने बच्चों को आर्थिक सहायता हेतु रॉल्सा व डालसा की सुविधाओं की जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने स्कूल में दीदी बक्सालगवाने की घोषणा की, ताकि छात्राएं अपनी शिकायतें गोपनीय तरीके से पहुंचा सकें। यह बक्सा राजकीय कर्मचारियों द्वारा ही खोला जाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों को मोबाइल व ऑनलाइन गेमिंग की लत से बचने की सलाह देते हुए आउटडोर गेम्स की महत्ता बताई। उन्होंने मानसिक विकास के लिए स्क्रीन टाइम कम करने पर जोर दिया। शिविर में कक्षा 8वीं से 12वीं तक के लगभग 300 विद्यार्थियों ने भाग लिया व अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया।

परंपरागत स्वागत व आभार: कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुआ। प्रधानाचार्य एस.एन. खण्डेलवाल व उपप्रधानाचार्य कैलाशचन्द शर्मा की अगुवाई में वरिष्ठ अध्यापिका शिप्रा जैन व रेखा आचार्य ने न्यायाधीश हीरल मीणा का माल्यार्पण, तिलक व शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया। इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष संजय कटारिया, सचिव आनंद सोनी, समन्वयक श्रीनारायण शर्मा, कुणाल जैन, कमल बडजात्या, सतीश तोषनीवाल, अशोक जोशी, विष्णु साहू, गजवीर सिंह व रामावतार प्रजापत सहित विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक आजाद शर्मा ने किया। उपप्रधानाचार्य कैलाशचंद शर्मा ने आभार जताया।

RELATED ARTICLES