केकड़ी, 06 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): पुरानी केकड़ी स्थित समाज संस्था भवन में श्री क्षत्रिय फूल मालियान नवयुवक मंडल संस्थान के चुनाव संपन्न हुए। निर्वाचन कमेटी की देखरेख में आयोजित इस प्रक्रिया में कैलाश चंद्र झाड़ोलिया को सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया। चुनाव के दौरान अध्यक्ष पद के लिए कैलाश चंद्र झाड़ोलिया व सत्य प्रकाश भभीवाल मुख्य दावेदार थे। उपस्थित समाज के पंचगणों व लगभग 200 युवा साथियों की मौजूदगी में दोनों प्रत्याशियों के मध्य आपसी समझ विकसित की गई, जिसके बाद कैलाश चंद्र झाड़ोलिया को अध्यक्ष व सत्य प्रकाश भभीवाल को उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।

निर्वाचन कमेटी का रहा सहयोग: निवर्तमान अध्यक्ष हेमराज कच्छावा ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने में घीसालाल गढ़वाल, बृज नारायण बिदा, बिरदीचंद खुवाल, राजेंद्र करोड़ीवाल व मंडल संरक्षक गीलू राम करोड़ीवाल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। नवनियुक्त पदाधिकारियों का समाज के पदाधिकारियों व सदस्यों ने फूल-माला व साफा पहनाकर भव्य स्वागत किया।

भावी योजनाएं: नवनिर्वाचित अध्यक्ष कैलाश चंद्र झाड़ोलिया ने समाज विकास का संकल्प लिया तथा आगामी कार्यक्रमों की घोषणा करते हुए बताया कि 11 अप्रैल को महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती के उपलक्ष में भव्य वाहन रैली निकाली जाएगी व जिला चिकित्सालय में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। साथ ही कार्यकारिणी का जल्द ही विस्तार कर शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। अंत में अध्यक्ष हेमराज कच्छावा ने पधारे हुए सभी युवाओं व पंचगणों का आभार प्रकट किया।

