केकड़ी, 05 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी रोडवेज डिपो को परिवहन सुविधाओं के विस्तार की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। विधायक शत्रुघ्न गौतम की पहल पर केकड़ी रोडवेज डिपो को 29 नई बसें प्राप्त हुई हैं। इस डिपो से अब सुदूरवर्ती इलाकों व प्रमुख महानगरों के लिए सीधी बस सेवाओं का आगाज हो गया है, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिल सकेगी। डिपो के मुख्य प्रबंधक हेमराज मीणा ने बताया कि डिपो को पूर्व में मिली 28 बसों के बाद अब 29 नई बसें आवंटित की गई हैं। इन बसों के बेड़े में शामिल होने से अब हरिद्वार, दिल्ली, खाटू श्याम, रामदेवरा, जैसलमेर, उदयपुर, बांसवाड़ा, पिलानी, दौसा व ब्यावर जैसे महत्वपूर्ण रूटों पर सीधी बस सेवा उपलब्ध हो गई है। इन सेवाओं के शुरू होने से तीर्थयात्रियों व व्यापारियों को विशेष लाभ मिलेगा।
ग्रामीण क्षेत्रों को भी मिलेगा बसों का तोहफा: मुख्य प्रबंधक ने आगामी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि परिवहन नेटवर्क को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है। आने वाले दिनों में शेष रहे प्रमुख मार्गों के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों के लिए भी नई बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। इससे गांव-ढाणी तक रोडवेज की पहुंच सुगम होगी व आमजन को निजी वाहनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। विधायक शत्रुघ्न गौतम की पहल व रोडवेज प्रशासन की तत्परता से शुरू हुई नई बसों से न केवल आवागमन सुलभ होगा, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक व सामाजिक विकास को भी नई गति मिलेगी।

