केकड़ी, 10 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राजस्थान के विकास मानचित्र पर केकड़ी ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है। नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने शुक्रवार शाम केकड़ी पहुंचकर शहर को राजस्थान का पहला फ्री वाई-फाई जोन घोषित किया। अब शहरवासियों को सार्वजनिक स्थलों पर 24 घंटे निशुल्क हाई-स्पीड इंटरनेट की सुविधा मिलेगी। मंत्री ने इसे डिजिटल इंडिया की दिशा में एक दूरदर्शी कदम बताया। करीब 3 करोड़ रुपए की लागत से तैयार इस महत्वाकांक्षी परियोजना के अंतर्गत शहर के 10 प्रमुख स्थानों राजकीय जिला चिकित्सालय, नगर पालिका परिसर, बस स्टैंड, पंचायत समिति, घंटाघर, तेलियान मंदिर, खाटू श्याम मंदिर व कोर्ट परिसर में वाई-फाई राउटर स्थापित किए गए हैं। नागरिकों को 5 Mbps की गति से निशुल्क इंटरनेट उपलब्ध कराया जा रहा है। एक समय में 5000 से अधिक लोग इस सेवा का लाभ उठा सकेंगे। संबंधित कंपनी अगले 3 वर्षों तक इसका मेंटेनेंस देखेगी।

मंत्री का भव्य स्वागत व संबोधन: समारोह की शुरूआत में विधायक शत्रुघ्न गौतम के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंत्री खर्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्हें 51 किलो की माला पहनाई गई व स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। नगर पालिका रंगमंच पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री खर्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है। डिजिटल क्रांति के इस दौर में केकड़ी को वाई-फाई जोन बनाना भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर लिया गया एक दूरदर्शी निर्णय है।

विधायक का पलटवार: “यह 700 की जूती नहीं, 1254 करोड़ की सौगात है” समारोह को संबोधित करते हुए विधायक शत्रुघ्न गौतम ने केन्द्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का बखान किया तथा केकड़ी में करवाए गए विकास कार्यों के बारे में जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने पूर्व मंत्री रघु शर्मा के 700 रुपए की जूती वाले बयान पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि यह जूती नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री द्वारा क्षेत्र को दी गई 1254 करोड़ रुपए की फोरलेन सड़क की सौगात है। गौतम ने भावुक होते हुए बताया कि इस योजना की स्वीकृति के लिए उन्होंने स्वयं 240 दिनों तक बिना जूते-चप्पल के जयपुर व दिल्ली की दौड़ लगाई थी। उन्होंने केकड़ी व सरवाड़ में पीपीपी मोड पर अत्याधुनिक बस स्टैंड बनाने की मांग भी मंत्री के समक्ष रखी।

करोड़ों के विकास कार्यों की सौगात: समारोह के दौरान मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कई महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन किया। जिसमे नगर पालिका क्षेत्र में वाई-फाई जोन विकसित करने का कार्य, मुख्यमंत्री जन आवास सड़क योजना के बाहर अप्रोच रोड सीसी सड़क निर्माण कार्य, अजमेर रोड पर श्रीराम स्वागत द्वार का निर्माण कार्य, वार्ड नं. 38 में विभिन्न स्थानों पर नाली निर्माण कार्य, वार्ड नं. 38 में विभिन्न स्थानों पर सीसी सड़क निर्माण कार्य, नगर पालिका की भूमि पर प्रस्तावित बस डिपो की चार दीवारी का निर्माण कार्य, बघेरा रोड पर प्रस्तावित कॉलोनी में सीसी सड़क निर्माण कार्य एवं कादेड़ा रोड मुख्य सड़क से FSTPप्लांट तक अप्रोच रोड सीसी सड़क निर्माण कार्य शामिल है।

ये रहे मौजूद: इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष जीतमल प्रजापत, पूर्व विधायक गोपाल धोबी, जिला महामंत्री रायचंद बागड़ी, अर्जुन नलिया, अतिरिक्त जिला कलक्टर चन्द्रशेखर भण्डारी, नायब तहसलीदार व अधिशासी अधिकारी केन्द्र प्रसाद शर्मा, शहर मण्डल अध्यक्ष रितेश जैन, उपाध्यक्ष अर्जुन सिंह शक्तावत, महामंत्री केदार शर्मा व कैलाश चौधरी, रामकिशन गुर्जर, सत्यनारायण चौधरी, राजेन्द्र चौधरी, वीरभद्र सिंह बघेरा, पार्षद लोकेश साहू, पूनम कंवर, दमयंती जोशी, अनिता राठी, कमल सांखला, विनोद विजय, नरेन्द्र सुवालका, मनोज कुमावत, मंडल अध्यक्ष राजवीर हावा, सत्यनारायण गुर्जर, गजराज कीर, प्यारेलाल खटीक, रामेश्वर गोस्वामी व राजवीर भीचर सहित बड़ी संख्या में जन प्रतिनिधि व भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


