केकड़ी, 25 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): निर्वाचन प्रक्रिया के तहत केकड़ी पंचायत समिति की फोटोयुक्त अंतिम मतदाता सूची मंगलवार को प्रकाशित कर दी गई है। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में जारी इस सूची के अनुसार आगामी चुनावों में कुल 75,900 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण एवं उपखण्ड अधिकारी दीपांशु सांगवान द्वारा पंचायत समिति की सभी 22 ग्राम पंचायतों के कुल 222 वार्डों की अंतिम मतदाता सूची जारी की गई। यह सूची अब निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय, संबंधित पंचायत समिति के नोटिस बोर्ड, सभी ग्राम पंचायत मुख्यालयों व मतदान केंद्रों पर सार्वजनिक रूप से अवलोकन के लिए उपलब्ध है।
राजनीतिक दलों को सौंपी जाएगी सूचियां: निर्वाचन प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अंतिम मतदाता सूची का एक-एक सेट प्रमुख राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को निर्वाचन कार्यालय द्वारा निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। जारी आंकड़ों के अनुसार पंचायत समिति की इस मतदाता सूची में कुल 75,900 मतदाता है। जिनमे 38,155 पुरुष मतदाता एवं 37,745 महिला मतदाता शामिल है। मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के साथ ही अब क्षेत्र में चुनावी गतिविधियां तेज होने की संभावना है। मतदाता अपने मताधिकार के माध्यम से स्थानीय नेतृत्व का चयन करेंगे। प्रशासन ने सूची के प्रकाशन के साथ ही चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।

