केकड़ी, 18 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी, वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री संजय शर्मा एवं विधायक शत्रुघ्न गौतम ने शुक्रवार को नगर पालिका सभा भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक को संबोधित किया। इस बैठक में आगामी विकास परियोजनाओं, विशेषकर मुख्यमंत्री की जनसभा की तैयारियों पर गहन चर्चा की गई। बैठक से पहले वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा ने पालिका परिसर में पौधरोपण किया। बैठक को संबोधित करते हुए जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने जल जीवन मिशन के तहत चल रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से केकड़ी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए बनाई गई नई परियोजनाओं के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रत्येक नागरिक को पर्याप्त और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराना है।

पर्यावरण संरक्षण पर दिया जोर: बैठक को संबोधित करते हुए वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर जोर देते हुए बताया कि राज्य सरकार हरित राजस्थान के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से आह्वान किया कि वे अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक वृक्षारोपण करें और उनकी देखभाल सुनिश्चित करें ताकि भविष्य की पीढ़ियों को स्वच्छ पर्यावरण मिल सके। उन्होंने विधायक द्वारा रखी गई वन विभाग से संबंधित मांगों को मुख्यमंत्री से चर्चा कर नियमानुसार पूरा करने के लिए आश्वस्त किया। बैठक में विधायक शत्रुघ्न गौतम के जन्मदिन के अवसर पर 22 जुलाई को केकड़ी में आयोजित होने वाली मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की विशाल जनसभा के बारे में भी चर्चा की गई।


शिलान्यास व लोकार्पण की दी जानकारी: विधायक शत्रुघ्न गौतम ने विभिन्न विकास कार्यों के शिलान्यास और लोकार्पण के संबंध में जानकारी दी। जिनका मुख्यमंत्री द्वारा अनावरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पूरे विधानसभा क्षेत्र में एक हजार करोड़ रुपए के विकास कार्य कराए जाएंगे, जिनकी घोषणा पिछले बजट में ही हो चुकी है। उन्होंने धानमा ग्राम को वन क्षेत्र से मुक्त करवाने तथा जूनियां के बीड़ को वन क्षेत्र में शामिल करवाने की बात कही। इस मौके पर पंचायत समिति प्रधान होनहार सिंह राठौड़ समेत कई भाजपा कार्यकर्ता व पदाधिकारी, विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता व पदाधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
