Site icon Aditya News Network – Kekri News

100 करोड़ से बदलेगी केकड़ी की तस्वीर, विधायक शत्रुघ्न गौतम ने बताई विकास योजनाएं

केकड़ी: भाजपा शहर मण्डल की बैठक में मंचासीन विधायक शत्रुघ्न गौतम एवं अन्य पदाधिकारी।

केकड़ी, 13 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भाजपा केकड़ी शहर मंडल की बैठक रविवार को नगर परिषद सभागार में विधायक शत्रुघ्न गौतम के मुख्य आतिथ्य में आयोजित की गई। अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष रितेश जैन ने की। बैठक में शहर के विकास की आगामी योजनाओं के बारे में विस्तृत चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए विधायक शत्रुघ्न गौतम ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता हमेशा आमजन की सेवा के लिए तत्पर रहें। उन्होंने केकड़ी शहर के विकास की आगामी रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। आने वाले समय में केकड़ी शहर में लगभग 100 करोड़ रुपए के विकास कार्य संपन्न कराए जाएंगे।

रीको, बस डिपो और सौंदर्यकरण विधायक शत्रुघ्न गौतम ने महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए बताया कि केकड़ी शहर में नए रीको क्षेत्र के लिए जमीन का आवंटन हो चुका है और नया रोडवेज बस डिपो भी शीघ्र ही आरंभ होने वाला है। इसके अतिरिक्त चारभुजा मंदिर के पास बड़े तालाब का लगभग 50 करोड़ रुपए की लागत से सौंदर्यकरण किया जाएगा। पोकी नाडी से नायकी तक जयपुर रोड के सौंदर्यकरण का कार्य भी जल्दी ही शुरू होने वाला है। विधायक ने रोडवेज बस स्टैंड को नया स्वरूप देने की योजना की भी जानकारी दी।

केकड़ी: भाजपा शहर मण्डल की बैठक में कार्यकर्ता व पदाधिकारी।

संगठन की मजबूती पर दिया जोर बैठक में जिला महामंत्री राय चंद बागड़ी ने 14 अप्रैल को भारतीय जनता पार्टी द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती मनाए जाने पर विस्तार से प्रकाश डाला। जिला उपाध्यक्ष सत्यनारायण चौधरी ने पार्टी संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहर की विभिन्न समस्याओं की ओर विधायक का ध्यान आकर्षित किया, जिस पर उन्होंने शीघ्र ही निराकरण करने का आश्वासन दिया। इस दौरान विधायक गौतम ने शहर मण्डल की नवगठित कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया।

ये रहे मौजूद इस मौके पर जिला मंत्री रामकिशन गुर्जर, नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र चौधरी, मंडल उपाध्यक्ष भैरूलाल साहू, धनराज चौधरी, सुरेश बैरवा, मंजू गर्ग, महामंत्री कैलाश चौधरी, केदार शर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष रामनिवास तेली, अनिल राठी, कन्हैयालाल जैतवाल, रामदेव माली, पार्षद सुरेश बोयत, मनोज कुमावत, दशरथ साहू, सुरेश चौधरी, सुरेश सेन, लोकेश साहू, विमला डसानिया, संजय बेनीवाल, अमराव सिंह सोलंकी, महेंद्र रेगर, रामबाबू सागरिया, कमल सांखला, रामलाल डसाणिया, विनोद विजय, अटल बिहारी शर्मा, चंद्र प्रकाश शर्मा सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे। संचालन उपाध्यक्ष अर्जुन सिंह शक्तावत ने किया।

Exit mobile version