केकड़ी, 14 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राजस्थान पुलिस विभाग द्वारा आयोजित योग्यता आधारित पदोन्नति परीक्षा 2021-22 के परिणाम जारी होने के बाद पुलिस महकमे में हर्ष का माहौल है। इस परीक्षा में सफलता का परचम लहराते हुए केकड़ी वृत्त क्षेत्र के सात कॉन्स्टेबलों ने हैड कॉन्स्टेबल के पद पर पदोन्नति हासिल की है। इनमें अजमेर पुलिस लाइन से एक, केकड़ी शहर पुलिस थाने से एक, सदर पुलिस थाने से दो, सरवाड़ पुलिस थाने से एक, भिनाय पुलिस थाने से एक एवं सावर पुलिस थाने से एक कॉन्स्टेबल शामिल है।
ये बने हैड कांस्टेबल: अजमेर पुलिस लाइन से रामराज सामरिया, केकड़ी शहर थाने से परमवीर सिंह, केकड़ी सदर थाने से केदार सिंह व रंगलाल मीणा, सरवाड़ थाने से राजकिरण सिंह, सावर थाने से छोटूराम मीणा व भिनाय थाने से सुरेन्द्र मीणा को हैड कांस्टेबल बनाया गया है। इन सभी जवानों ने कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच एक साथ परीक्षा उत्तीर्ण कर यह उपलब्धि अपने नाम की है।
उपलब्धि पर दी बधाई: इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर पुलिस परिवार व इष्ट मित्रों ने सभी नवनियुक्त हैड कॉन्स्टेबलों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। पदोन्नति की औपचारिक प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद ये सभी जवान अब अपने नए पद के दायित्वों को संभालने के लिए निर्धारित आवश्यक प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।

