केकड़ी, 05 मार्च (आदित्य न्यूज नेटवर्क): होली व धुलंडी का पर्व शांतिपूर्वक संपन्न होने के बाद गुरुवार को सर्किल क्षेत्र के पुलिस जवानों ने उत्साह के साथ होली खेली। इस दौरान सिटी थाना, सदर थाना, सरवाड़ व भिनाय थाने के पुलिसकर्मी सदर थाना परिसर में एकत्रित हुए व जमकर रंग-गुलाल उड़ाकर पर्व का जश्न मनाया। सदर थाना परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिसकर्मी डीजे की धुन पर फिल्मी व राजस्थानी गीतों पर जमकर झूमते हुए दिखाई दिए। जवानों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर पर्व की बधाई दी व पूरे उत्साह के साथ होली का आनंद लिया। पुलिसकर्मियों में सुबह से ही होली खेलने को लेकर खासा उत्साह देखा गया।

अधिकारियों ने बढ़ाया उत्साह: इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील व वृताधिकारी हर्षित शर्मा ने स्वयं उपस्थित होकर पुलिस जवानों को गुलाल लगाया व होली की शुभकामनाएं दीं। इसके पश्चात थानाधिकारी व अन्य स्टाफ ने भी नाचते-गाते हुए रंगों के इस त्योहार को मनाया। पुलिस अधिकारियों ने इस अवसर पर कहा कि यह पर्व आपसी भाईचारे व खुशियों का संदेश देता है। ड्यूटी के तनाव से दूर पुलिसकर्मियों के लिए यह पल स्फूर्ति व उमंग भरने वाले रहे।

