Site icon Aditya News Network – Kekri News

खाकी का शिकंजा: ड्रग केस में फरार मुख्य सप्लायर गिरफ्तार, छह माह से चकमा दे रही थी आरोपी महिला

केकड़ी: सरवाड़ पुलिस की गिरफ्त में स्मैक सप्लायर महिला।

केकड़ी, 05 जनवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सरवाड़ थाना पुलिस ने वांछित अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के दौरान स्मैक तस्करी के मामले में पिछले 6 महीने से फरार चल रही महिला सप्लायर रचना सांसी (27) पत्नी कमल सांसी को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी रामपाल शर्मा ने बताया कि गत 27 जून 2025 को भिनाय थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान सांसी बस्ती भिनाय निवासी संजय सांसी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 5.16 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की थी। भिनाय थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच सरवाड़ थानाधिकारी के जिम्मे की थी। पुलिस अनुसंधान में सामने आया कि संजय को स्मैक की सप्लाई सावर निवासी रचना सांसी ने की थी। तब से ही आरोपी महिला गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रही थी।

पुलिस टीम की मुस्तैदी: पुलिस महानिरीक्षक राजेन्द्र सिंह व पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील व पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा के निकटतम सुपरविजन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना व तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी महिला को सावर स्थित सांसी बस्ती से गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई में थानाधिकारी रामपाल शर्मा के साथ कांस्टेबल शुभकरण, महिला कांस्टेबल प्रियंका व चिंता का विशेष योगदान रहा। गिरफ्तार महिला को न्यायालय में पेश किया गया है। जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में अजमेर सेन्ट्रल जेल भेज दिया गया।

Exit mobile version