केकड़ी, 29 जनवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सामाजिक न्याय व अधिकारिता विभाग की ओर से प्रदेश की विमुक्त, घुमन्तु व अर्द्धघुमन्तु जातियों को स्थायी पहचान दिलाने व उन्हें सरकारी योजनाओं से लाभान्वित करने के उद्देश्य से गुरुवार को नगर पालिका रंगमंच पर विशेष शिविर का आयोजन किया गया। नायब तहसीलदार व अधिशाषी अधिकारी केन्द्र प्रसाद शर्मा ने बताया कि शिविर का मुख्य लक्ष्य उपरोक्त वर्णित परिवारों की पहचान कर उन्हें केन्द्र व राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना है। शिविर में कुल 12 आवेदन प्राप्त हुए।
पहचान पत्र व आवश्यक दस्तावेजों पर जोर: इस शिविर में बड़ी संख्या में परिवारों ने पहुंचकर अपने दस्तावेज तैयार करवाए। पालिकाकर्मियों ने आवेदन पत्रों की जांच कर पहचान पत्र बनवाने की कार्यवाही की। इसी के साथ मौके पर ही उन परिवारों के आवेदन भी स्वीकार किए गए जिनके पास आधार कार्ड, जाति प्रमाण-पत्र व मूल निवास जैसे आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे। पहचान पत्र बन जाने के बाद इन वर्गों के लिए संचालित विभिन्न विकास योजनाओं का लाभ सीधे इन तक पहुंच सकेगा।
शिविर की प्रमुख उपलब्धियां: शिविर में 04 घुमन्तु पहचान प्रमाण पत्र, 03 मूल निवास प्रमाण पत्र एवं 05 वृद्धजनों के वार्षिक पेंशन सत्यापन संबंधित कार्य किए गए। इस मौके पर सहायक अभियन्ता सिमरन, अग्निशमन प्रभारी राकेश कुमार पारीक, हल्का पटवारी हिमानी शर्मा, समाज कल्याण विभाग से प्रदीप सिंह व ई-मित्र संचालक बच्छराज कुमावत सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। यह शिविर नगरपालिका रंगमंच पर 30 जनवरी 2026 तक आयोजित किया जाएगा।

