Wednesday, April 30, 2025
Homeधर्म एवं संस्कृतिधूमधाम से मनाया भगवान महावीर स्वामी का जन्म कल्याणक महोत्सव, शोभायात्रा में...

धूमधाम से मनाया भगवान महावीर स्वामी का जन्म कल्याणक महोत्सव, शोभायात्रा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

केकड़ी, 10 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी में गुरुवार को श्वेताम्बर व दिगम्बर जैन समाज के संयुक्त तत्वावधान में महावीर स्वामी का जन्म कल्याणक महोत्सव विविध कार्यक्रमों के साथ आयोजित किया गया। महोत्सव की मंगल बेला में प्रभात फेरी निकाली गई। सुबह देवगांव गेट स्थित चन्द्रप्रभु चैत्यालय में मुनि संकल्प रत्न सागर महाराज आदि ठाना 8 एवं बालाचार्य निपुर्णनंदी महाराज ससंघ के पावन सानिध्य में ध्वजारोहण एवं धर्मसभा का आयोजन किया गया। विधायक शत्रुघ्न गौतम ने विधिवत ध्वजारोहण कर महोत्सव का शुभारम्भ किया। समाज के प्रबुद्धजनों ने विधायक गौतम का माला एवं दुपट्टा पहनाकर अभिनन्दन किया।

केकड़ी: धर्मसभा के दौरान मंच पर विराजित मुनि महाराज।

सम्पूर्ण जगत के लिए पूज्यनीय है भगवान महावीर धर्मसभा को संबोधित करते हुए मुनि संवेग रत्न सागर महाराज ने कहा कि भगवान महावीर केवल जैनों के नहीं अपितु सम्पूर्ण जगत के लिए पूज्यनीय है। भगवान महावीर ने जिन सिद्धान्तों का प्रतिपादन वर्षों पूर्व किया वे आज के समय में भी समानुकुल प्रतीत होते है। वर्तमान को वर्धमान की आवश्यकता है। अहिंसा, अपरिग्रह, अचैर्य ऐसे शाश्वत सिद्धान्त है जिन पर चल कर मनुष्य जीवन को सफल बनाया जा सकता है।

केकड़ी: धर्मसभा के दौरान साधु भगवंतों का आशीर्वाद लेते विधायक शत्रुघ्न गौतम।

लाखों लोगों के जीवन की दशा व दिशा बदली बालाचार्य निपूर्णनंदी महाराज ने कहा कि भगवान महावीर धन व ऐश्वर्य से परिपूर्ण राजकुमार थे लेकिन सांसारिक मोह माया को छोडकर उन्होंने संयम पथ को अंगीकार किया और लाखों लोगों को बोध देकर उनके जीवन की दशा व दिशा बदल दी। धर्मसभा का संचालन महावीर टोंग्या ने किया। ध्वजारोहण के बाद भव्य शोभायात्रा निकाली गई।

बच्चों ने किया घोष वादन शोभायात्रा चन्द्रप्रभु चैत्यालय, घण्टाघर, सदर बाजार, खिड़की गेट, सरसड़ी गेट, पाल टाकीज रोड, ब्यावर रोड चौराहा, बस स्टैण्ड, कचहरी, सिटी थाना पुलिस, तीनबत्ती चौराहा, अजमेरी गेट, घण्टाघर होते हुए वापस चैत्यालय परिसर पहुंच कर सम्पन्न हुई। शोभायात्रा में बैण्ड-बाजे, बच्चों द्वारा किया गया घोष वादन, दो घोड़ों की 4 बग्घी एवं स्वर्ण मण्डित तीन रथ आकर्षण का केन्द्र रहे। तीनों रथों में श्रीजी की प्रतिमाओं को विराजित किया गया।

ये बने सौभाग्यशाली बोलीदाताओं ने श्रीजी की प्रतिमा को लेकर बग्घी व रथ में बैठने का सौभाग्य प्राप्त किया। श्रीजी के रथ का सारथी बनने का सौभाग्य गोविंद जैन (सरपंच) व राजकुमार जैन सदारा वाले एवं हेमराज प्रमोद कुमार बाकलीवाल परिवार व संतकुमार सतीश कुमार जैन रामथला वाले परिवार को मिला। श्रीजी को रथ में विराजमान करने का सौभाग्य घीसालाल अशोक कुमार बंसल परिवार मेहरू वालों को प्राप्त हुआ। शोभायात्रा में विधायक शत्रुघ्न गौतम भी नंगे पैर शामिल हुए।

केकड़ी: शोभायात्रा का पुष्पवर्षा से स्वागत करते विधायक शत्रुघ्न गौतम।

पुष्पवर्षा से किया स्वागत शोभायात्रा मार्ग में कई स्थानों पर स्वागत द्वार सजाए गए। शहरवासियों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। विधायक शत्रुघ्न गौतम के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने अजमेरी गेट के समीप शोभायात्रा पर पुष्पवर्षा की। शोभायात्रा के दौरान नगर भगवान महावीर के नारों से गुंजायमान हो गया। जुलूस मार्ग में कई स्थानों पर श्रद्धालुओं की ओर से शीतल पेय आदि की व्यवस्था की गई। शोभायात्रा के बाद अजमेर रोड स्थित कटारिया ग्रीन्स में सामूहिक भोज का आयोजन हुआ। जिसमे सकल जैन समाज के महिला पुरूषों ने भाग लिया।

महावीर जयंती महोत्सव 2025 ‘कैमरे की नजर में’

केकड़ी: महावीर जयंती पर निकाली गई शोभायात्रा में शामिल मुनिसंघ।
RELATED ARTICLES