केकड़ी, 22 दिसंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): लॉर्ड तिरुपति महाविद्यालय में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर के चौथे दिन सोमवार को खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। शिविर में छात्र-छात्राओं ने रस्सा-कस्सी, कुर्सी दौड़ व वॉलीबॉल जैसी प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ज्ञान चन्द जांगिड़ ने हरी झण्डी दिखाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए जरूरी हैं, बल्कि ये जीवन में अनुशासन व टीम भावना भी सिखाते हैं।
मुकाबलों में रही कड़ी टक्कर: कार्यक्रम प्रभारी लालचन्द साहू ने बताया कि खेल मैदान पर छात्र-छात्राओं के बीच कड़े मुकाबले देखने को मिले। रस्सा-कस्सी (छात्रा वर्ग) में कविता रेगर, खुशबू चौधरी, अंजली चौधरी व आरती जांगिड़ की टीम विजेता रही। रस्सा-कस्सी (छात्र वर्ग) में राजनाथ, विकास, अशोक जाट व लेखराज की टीम ने जीत दर्ज की। कुर्सी दौड़ में टीना कीर विजेता रही। प्रतियोगिताओं के दौरान हार-जीत के निर्णय की महत्वपूर्ण भूमिका रामप्रसाद कुमावत व अम्बालाल गुर्जर ने निभाई। कार्यक्रम को सफल बनाने में केदार जाट व दुष्यन्त सेन का विशेष सहयोग रहा।

