Tuesday, April 29, 2025
Homeधर्म एवं संस्कृतिमहाशिवरात्रि: भोले के दरबार में लगी भक्तों की कतार, श्रद्धालुओं ने निकाली...

महाशिवरात्रि: भोले के दरबार में लगी भक्तों की कतार, श्रद्धालुओं ने निकाली बाबा महाकाल की शाही सवारी, माली समाज की शोभायात्रा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

केकड़ी, 08 मार्च (आदित्य न्यूज नेटवर्क): महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर शुक्रवार को शहर में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। शिव मंदिरों में पूरे दिन दर्शनार्थियों का तांता लगा रहा। भोले बाबा एवं शिव शंकर के जयकारों के बीच श्रद्धा का सैलाब उमड़ा। लोगों ने परम्परानुसार भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर खुशहाली की कामना की। श्रद्धालुओं ने दुग्धाभिषेक एवं जलाभिषेक किए तथा धतूरा, पुष्प सहित अन्य सामग्री चढ़ाई। मंदिरों में विशेष सजावट व देव प्रतिमाओं का आकर्षक श्रृंगार किया गया। बीती रात विभिन्न शिवालयों में भजन संध्या एवं जागरण का आयोजन हुआ।

केकड़ी: पालकी में विराजित बाबा महाकाल की मनमहेश प्रतिमा।

बाबा महाकाल की शाही सवारी श्री महाकाल सेवक समिति केकड़ी के तत्वावधान में बाबा महाकाल की शाही सवारी निकाली गई। विधिवत पूजा अर्चना के बाद बस स्टैंड स्थित तत्कालेश्वर महादेव मंदिर परिसर से रवाना हुई शाही सवारी पुलिस थाना, तीनबत्ती चौराहा, अजमेरी गेट, घण्टाघर, सदर बाजार, खिड़की गेट, लोढ़ा चौक, चारभुजा मंदिर, माणक चौक, सूरजपोल गेट, भैरू गेट, सरसड़ी गेट, शनि मंदिर, बस स्टैण्ड, अजमेर रोड होते हुए बीजासण माता मंदिर पहुंच कर सम्पन्न हुई। इस मौके पर विधायक शत्रुघ्न गौतम समेत समिति के पदाधिकारियों ने ढोल, ताशे, डमरू, शंख सहित अन्य वाद्य यंत्र बजा कर गगन को गुंजायमान कर दिया।

केकड़ी: बाबा महाकाल की शाही सवारी निकालते श्रद्धालु।

प्रतिमा को सुसज्जित पालकी में किया विराजित शाही सवारी में उज्जैन में बाबा महाकाल मंदिर के गर्भगृह से विशेष पूजा अर्चना के बाद केकड़ी लाई गई महाकाल की मनमहेश प्रतिमा को पालकी पर विराजमान किया गया। रास्ते में जगह-जगह फूलों व गुलाल से होली खेली गई। युवक—युवतियों ने डीजे की धुन पर जमकर नृत्य किया। सवारी में अघोरी कलाकारों ने भगवान शिव के विभिन्न प्रसंगों के साथ शिव ताण्डव नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दी। बच्चों ने देवी देवताओं का जीवन्त रूप धारण कर झांकी का प्रदर्शन किया।

केकड़ी: माली समाज की ओर से निकाली गई शोभायात्रा में नृत्य करती युवतियां।

शोभायात्रा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब माली (सैनी) समाज की ओर से महाशिवरात्रि पर विशाल शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा पुरानी केकड़ी स्थित संस्था भवन से शुरू हुई। जो सूरजपोल गेट, माणक चौक, चारभुजा मंदिर, लोढ़ा चौक, खिडक़ी गेट, सदर बाजार, घण्टाघर, अजमेरी गेट, अस्पताल मार्ग, खिड़की गेट, सरसड़ी गेट, भैरू गेट होते हुए वापस संस्था भवन पहुंच कर सम्पन्न हुई। शोभायात्रा में महिला-पुरूष भजन कीर्तन करते हुए चल रहे थे। वहीं ढोल-ढमाकों की धुन पर युवक-युवतियां जम कर थिरके। जुलूस के दौरान भगवान शिव की जीवंत झांकियां सबके आकर्षण का केन्द्र रही।

केकड़ी: झरनेश्वर महादेव मंदिर में भजन संध्या के दौरान विधायक शत्रुघ्न गौतम का स्वागत करते आयोजन समिति के सदस्य।

भजन संध्या में बहाई सुमधुर भजनों की रसगंगा इसी प्रकार सावर मार्ग पर गुलगांव के समीप स्थित झरनेश्वर महादेव मंदिर में गुरुवार रात्रि को विशाल भजन संध्या का आयोजन किया गया। गायक कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भजनों की सरिता बहाकर श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक शत्रुघ्न गौतम थे। भजन संध्या का शुभारंभ कलाकार श्रवण संदेरी ने गणेश वंदना से किया। इसके बाद विभिन्न भजनों की प्रस्तुतियां दी गई। भजन संध्या में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES