केकड़ी, 11 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): महान समाज सुधारक, विचारक व शिक्षा के अग्रदूत महात्मा ज्योतिबा फुले की 199वीं जन्म जयंती शनिवार को हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जहां माली समाज द्वारा विशाल वाहन रैली व रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, वहीं शैक्षणिक संस्थानों में भी विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से उनके आदर्शों को याद किया गया। पुराने कोटा रोड बायपास चौराहा स्थित महात्मा ज्योतिबा फुले सर्किल पर आयोजित मुख्य समारोह में विधायक शत्रुघ्न गौतम मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। विधायक व समाज बंधुओं ने महात्मा फुले की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर माल्यार्पण किया। इस दौरान उनके जीवनी पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि उन्होंने 1870 में ‘सत्यशोधक समाज‘ की स्थापना की व महिलाओं व वंचितों के उत्थान के लिए क्रांतिकारी कार्य किए।

रैली में गूंजे जयकारे: नवयुवक मंडल अध्यक्ष हेमराज कच्छावा ने बताया कि संबोधन के पश्चात सर्किल से एक विशाल वाहन रैली शुरू हुई, जो नगर के विभिन्न मार्गों से होती हुई अजमेर रोड स्थित माली समाज छात्रावास पर संपन्न हुई। जयंती के अवसर पर जिला चिकित्सालय में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसमें समाज के युवाओं व प्रबुद्धजनों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और कुल 31 यूनिट रक्तदान किया। इस दौरान नवनिर्वाचित अध्यक्ष कैलाशचंद झाड़ोलिया, सत्यनारायण बिदा, धनराज कच्छावा, बद्रीलाल बाथरा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

स्कूल में रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन: मंडा रोड स्थित केसरी पब्लिक स्कूल में भी ज्योतिबा फूले की जयंती समारोह पूर्वक मनाई गई। विद्यालय की निदेशक अंकिता माली की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए रंग भरो, लघु लेखन, स्लोगन लेखन व भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। साथ ही शारीरिक विकास के लिए खेलकूद प्रतियोगिताएं भी हुईं। निदेशक ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि महात्मा फुले द्वारा जगाई गई शिक्षा की अलख आज भी प्रेरणा स्रोत है। कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक दीपक प्रकाश शर्मा व समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे। अंत में सभी ने महात्मा फुले के आदर्शों को जीवन में उतारने का संकल्प लिया।


