केकड़ी, 07 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): विश्व होम्योपैथी दिवस के अवसर पर यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ होम्योपैथी के प्रैक्टिस ऑफ मेडिसिन विभाग द्वारा सार्वजनिक स्वास्थ्य एवं सामुदायिक सेवा के तहत निःशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 47 मरीजों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सीय परामर्श दिया गया। जांच के दौरान मरीजों का बीएमआई (BMI) टेस्ट सहित अन्य जरूरी स्वास्थ्य परीक्षण किए गए। चिकित्सकों ने रोगियों को उनके रोगानुसार होम्योपैथिक औषधियों का निःशुल्क वितरण किया। इसके साथ ही शिविर में उपस्थित नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार व मौसमी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।

विशेषज्ञों ने दी सेवाएं: शिविर में प्रैक्टिस ऑफ मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. अंशुल चाहर, सहायक आचार्य डॉ. साक्षी शर्मा आदि ने सेवाएं दी। शिविर संचालन में महाविद्यालय के चतुर्थ वर्ष के विद्यार्थियों का भी सराहनीय योगदान रहा। महाविद्यालय के प्राचार्य व चिकित्सालय अधीक्षक डॉ. पुनीत आर. शाह ने चिकित्सा टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर समाज के लिए अत्यंत उपयोगी व आवश्यक हैं। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन पर बल दिया। डॉ. शाह ने आमजन से अपील की कि वे अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहें, नियमित जांच करवाएं व स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर बीमारियों से दूर रहें।


