Site icon Aditya News Network – Kekri News

पशुधन चराने गई महिला के साथ बदमाशों ने की मारपीट, लाखों रुपए के जेवर लूटकर हुए फरार, महिला गंभीर हालत में अजमेर रैफर

केकड़ी: सिटी थाना पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे महिला के परिवारजन।

केकड़ी, 12 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सिटी थाना इलाके के सूरीमाता गांव में भैंस चराने गई महिला के साथ अज्ञात बदमाशों ने मारपीट कर लूट की वारदात को अंजाम दिया है। बदमाश मारपीट कर लाखों रुपए के गहने लूट कर ले गए। बदमाशों द्वारा की गई मारपीट में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसे प्राथमिक उपचार के बाद अजमेर रैफर किया गया है। दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामचन्द्र सिंह व सिटी थानाधिकारी धोलाराम ने मौका मुआयाना कर घटना के संबंध में जानकारी ली है। इस संबंध में परिजनों ने सिटी पुलिस थाने में रिपोर्ट दी है।

केकड़ी: बदमाशों के हमले में घायल महिला।

क्या है मामला प्राप्त जानकारी के अनुसार सूरीमाता निवासी लाली देवी पत्नी रामकुंवार गुर्जर शुक्रवार को सुबह भैसों को चराने के लिए खेत पर गई थी। इसी दौरान दोपहर करीब दो बजे अज्ञात दो-तीन बदमाशों ने महिला के साथ मारपीट करते हुए लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने महिला के कान व नाक में पहने सोने के जेवर जबरदस्ती लूट लिए। जिससे महिला के नाक व कान से खून बहने लगा। बताताया जाता है कि अज्ञात बदमाश सोने के टोप्स, गले में पहने सोने के तीन मांदलिया, सोने की नथ व एक किलो चांदी की कनकती लूटकर ले गए है।

शोर मचाने पर भाग छूटे बदमाश महिला के शोर मचाने पर बदमाश महिला को लहुलुहान हालत में छोड़कर भाग छूटे। महिला के चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे। आस-पड़ौस के लोगों ने परिजनों को सूचना दी। जिस पर परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों ने महिला को घायल अवस्था में केकड़ी के राजकीय जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से हालत गंभीर होने पर अजमेर रैफर कर दिया गया। इस संबंध में पीड़िता के परिजनों ने सिटी पुलिस थाने में रिपोर्ट दी है। सिटी थानाधिकारी धोलाराम ने बताया कि रिपोर्ट मिली है। घटनास्थल का मौका मुआयना कर जांच पड़ताल की जा रही है।

Exit mobile version