केकड़ी, 05 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान केकड़ी विधायक शत्रुघ्न गौतम ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की नीतियों पर जमकर प्रहार किया। जयपुर की खराब ट्रैफिक व्यवस्था के लिए पूर्ववर्ती सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए गौतम ने कहा कि जयपुर में पुलिस कमिश्नरेट को आवश्यकता से अधिक शक्तिशाली बनाया गया, फिर भी व्यवस्थाएं बेपटरी हैं। बहस के दौरान गौतम ने कांग्रेस पर विकास कार्यों में भेदभाव का आरोप लगाया। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था पर टिप्पणी करते हुए पूछा कि आखिर शिक्षा विभाग को ‘नाथी का बाड़ा‘ किसने बनाया?

बिना योजना के बना दिए जिले: विधायक शत्रुघ्न गौतम ने पिछली सरकार द्वारा आनन-फानन में बनाए गए नए जिलों पर सवाल उठाए। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि यदि सरकार रिपीट होने की गारंटी होती, तो पूर्व मुख्यमंत्री 200 जिले बना देते व दूदू जैसे क्षेत्र को नया प्रदेश ही घोषित कर देते। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले बनाने में कोई ठोस योजना नहीं थी बल्कि हार के डर से बिना सोचे-समझे यह निर्णय लिए गए। उन्होंने कहा कि दूदू जैसी छोटी पंचायत को सीधे नगर परिषद व फिर जिला बनाना केवल चुनावी गणित था, जो अंततः विफल रहा।


