Site icon Aditya News Network – Kekri News

विधायक शत्रुघ्न गौतम के प्रयासों से मिली बड़ी सौगात, केकड़ी-देवली फोरलेन का टेंडर जारी, क्षेत्र के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, 24 महीने में होगा निर्माण, 575 करोड़ आएगी लागत

केकड़ी: पत्रकारों से चर्चा करते विधायक शत्रुघ्न गौतम।

केकड़ी, 25 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार देने वाली देवली-नसीराबाद फोरलेन सड़क परियोजना के पहले चरण का काम जल्द ही शुरू होने जा रहा है। विधायक शत्रुघ्न गौतम ने गुरुवार को नगर पालिका स्थित विधायक जनसुवाई केन्द्र में पत्रकारों से चर्चा करते हुए बताया कि परियोजना के तहत केकड़ी-देवली खंड (राज्य राजमार्ग-26) को दो लेन से चार लेन में बदलने का टेंडर जारी कर दिया गया है। विधायक गौतम ने इस बड़ी सौगात के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार जताते हुए कहा कि यह फोरलेन सड़क क्षेत्र में विकास का एक नया अध्याय लिखेगी। इस परियोजना से केकड़ी, देवली व आसपास के क्षेत्रों को जयपुर, अजमेर व बूंदी जैसे प्रमुख शहरों से सुगम और तेज गति से जोड़ा जा सकेगा। यह फोरलेन सड़क न केवल यात्रा के समय को कम करेगी। बल्कि यह क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों, व्यापार व पर्यटन को भी महत्वपूर्ण बढ़ावा देगी।

परियोजना का विवरण: यह सड़क 53.100 किलोमीटर लंबी होगी तथा इसकी अनुमानित लागत 442.08 करोड़ रुपए आएगी। इसके अलावा भूमि अधिग्रहण, यूटिलिटी शिफ्टिंग व फैसिलिटी एरिया डेवलपमेंट जैसे अन्य कार्यों में लगभग 130 करोड़ रुपए का अतिरिक्त खर्च होगा। सड़क का निर्माण इंजीनियरिंग प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन (EPC) मोड पर किया जाएगा। इस परियोजना को 24 महीने में पूरा करने का लक्ष्य है। राजस्थान राज्य सड़क विकास और निर्माण निगम (RSRDC) को इस परियोजना के लिए नोडल एजेंसी बनाया गया है। निविदा प्रपत्र डाउनलोड करने की अंतिम तिथि 7 अक्टूबर 2025 है। विधायक गौतम ने बताया कि परियोजना के दूसरे चरण में केकड़ी-नसीराबाद खंड का काम करवाया जाएगा।

Exit mobile version