केकड़ी, 19 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सापण्दा रोड स्थित श्री सुधासागर दिगंबर जैन विद्या विहार सीनियर सेकेंडरी स्कूल में दिगंबर जैन संत निर्यापक श्रमण मुनिपुंगव श्री सुधासागरजी महाराज का 43वां दीक्षा दिवस महोत्सव धूमधाम व भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस दौरान संगीतमय पूजन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दिगंबर जैन समाज के अध्यक्ष भंवरलाल बज, संस्था अध्यक्ष संजय कटारिया एवं अन्य अतिथियों द्वारा आचार्य विद्यासागरजी महाराज व मुनि श्री सुधासागरजी महाराज के चित्रों के सामने दीप प्रज्वलित कर की गई।

प्रस्तुत किए रंगारंग कार्यक्रम: प्राथमिक कक्षाओं के नन्हे बच्चों ने ‘जैनम जयतु शासनम’ गीत पर मनमोहक प्रस्तुति दी। कक्षा 6 से 10 के विद्यार्थियों ने जैन तीर्थों के जीर्णोद्धार की सजीव और मनोरम झांकी प्रस्तुत की। कक्षा 4 की छात्राओं अद्विका जैन व कृषा जैन ने “मेरे तो सुधासागर भगवान आप ही हो” गीत पर भक्ति नृत्य एवं कक्षा 6 की छात्राओं ने “जिन शासन के सर के ताज, हमारे गुरुवर सुधासागर महाराज” गीत पर सुंदर नृत्य प्रस्तुत किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बाद अतिथियों व श्रद्धालुओं ने संगीतमय लय में मंत्रोच्चार के साथ अष्टद्रव्यों से मुनिपुंगव की पूजा की।

बताया मुनि जीवन का महत्व: कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संजय कटारिया व भंवरलाल बज ने मुनिपुंगव के प्रति अपनी गहरी श्रद्धा व्यक्त की। वक्ताओं ने उनके तप, संयम व साधनापूर्ण जीवन का गुणगान किया एवं उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के आरंभ में प्रधानाचार्य एस.एन. खंडेलवाल एवं अन्य शिक्षकों ने अतिथियों का माला व साफा पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम का समापन मुनिपुंगव श्री सुधासागरजी महाराज की मंगल आरती के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन अजय जैन ने किया।