केकड़ी, 05 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राजकीय महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना के तृतीय एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वयंसेवकों द्वारा मां सरस्वती की वंदना व एन.एस.एस. के लक्ष्य गीत के साथ किया गया। शिविर के प्रथम सत्र में स्वयंसेवकों ने सेवा भाव का परिचय देते हुए महाविद्यालय परिसर में श्रमदान किया। विद्यार्थियों ने परिसर से खरपतवार व घास हटाकर उसे सुंदर बनाया। साथ ही प्रवेश द्वार के पास लगी कंटीली झाड़ियों व अनावश्यक पौधों को हटाकर मार्ग को साफ-सुथरा किया गया। इस दौरान स्वयंसेवकों ने महाविद्यालय के कक्षों की भी गहन सफाई की।
सड़क सुरक्षा पर चर्चा: द्वितीय सत्र में स्वयंसेवकों को जागरूक करने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा पर आधारित एक शॉर्ट फिल्म दिखाई गई। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना जीवन निर्माण का एक महत्वपूर्ण भाग है। उन्होंने विद्यार्थियों को यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने व वाहन चलाते समय जल्दबाजी न करने की सीख दी। कार्यक्रम में सहायक आचार्य ज्योति मीना, नीलम नसवारिया व प्रियंका तोलंबिया ने भी सड़क सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर विचार रखे।
सुरक्षित यातायात से दिया जीवन रक्षा पर जोर: मंच संचालन करते हुए सह-प्रभारी आनंद पाराशर ने सड़क सुरक्षा को जीवन रक्षक के रूप में अपनाने पर जोर दिया। शिविर के समापन चरण में स्वयंसेवकों ने पिछले एक दिवसीय व सात दिवसीय विशेष शिविरों के अपने अनुभव साझा किए। अंत में एन.एस.एस. प्रभारी तनु बसवाल ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस दौरान हंसा चौधरी, जयवर्धन पंवार, रामसहाय गुर्जर, प्राची गर्ग व मनीषा शेखावत सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

