Homeक्राइम न्यूजझाड़ियों में मिला नवजात का भ्रूण: काली थैली में बंद कर फेंका,...

झाड़ियों में मिला नवजात का भ्रूण: काली थैली में बंद कर फेंका, पुलिस ने डीएनए सुरक्षित रख पोस्टमार्टम के बाद किया सुपुर्द-ए-खाक

केकड़ी, 30 मार्च (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सरवाड़ थाना क्षेत्र के जगपुरा गांव में सोमवार को एक नवजात का भ्रूण मिलने से सनसनी फैल गई। मानवता को शर्मसार करने वाली इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची व भ्रूण को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने अज्ञात कुमाता के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। थानाधिकारी रामपाल शर्मा ने बताया कि जगपुरा में अजगरा मार्ग पर स्थित बालाजी मंदिर के पास झाड़ियों में एक काली थैली पड़ी थी। वहां खेल रहे बच्चों की नजर सबसे पहले इस थैली पर पड़ी, जिसमें नवजात का भ्रूण देख वे सहम गए। बच्चों ने तुरंत ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचित किया।

डीएनए सैंपल लिया गया: सूचना मिलते ही एएसआई कजोड़ मीणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे व स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने भ्रूण को राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया है। भविष्य में पहचान व कानूनी साक्ष्य के लिए पुलिस ने भ्रूण का डीएनए (DNA) सुरक्षित रखवाया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने मानवीय संवेदनाओं को ध्यान में रखते हुए नवजात के भ्रूण को पूरे विधि-विधान के साथ दफना दिया। थानाधिकारी ने बताया कि अज्ञात महिला के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है व आसपास के क्षेत्रों के अस्पतालों एवं प्रसूति केंद्रों से जानकारी जुटाई जा रही है।

RELATED ARTICLES