केकड़ी, 11 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): शहर थाना केकड़ी के नवनियुक्त थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक अनिल शर्मा ने कहा कि पुलिस का मुख्य ध्येय आमजन में विश्वास व अपराधियों में भय है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि पीड़ित व्यक्ति सीधा उनसे मिलकर अपनी व्यथा बता सकता है। पुलिस टीम उसकी मदद के लिए सदैव तत्पर रहेगी। विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों व आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के प्रति पुलिस अधिक संवेदनशील रहकर कार्य करेगी। वे केकड़ी शहर थानाधिकारी का पद ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि चोरी व नकबजनी जैसी घटनाओं को रोकने के लिए रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। वांछित व पुराने अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा व संदिग्धों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। क्षेत्र में अमन-चैन बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

कार्यभार व अवलोकन: पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद सीआई अनिल शर्मा ने उच्चाधिकारियों से मुलाकात की तथा अधीनस्थ पुलिसकर्मियों के साथ बैठक कर क्षेत्र की वर्तमान कानून व्यवस्था की जानकारी ली। इसके पश्चात उन्होंने थाना परिसर का बारीकी से अवलोकन किया व पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि निवर्तमान शहर थाना प्रभारी कुसुमलता मीणा को मंगलवार को पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा ने लाइन हाजिर करने के आदेश जारी किए थे। इसके बाद उन्होंने मांगलियावास थाना प्रभारी सीआई अनिल शर्मा को केकड़ी सिटी थाना प्रभारी की कमान सौंपने के आदेश जारी किए थे।

