केकड़ी, 26 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): यहां कोटा मार्ग पर कोहड़ा के समीप स्थित राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (नाइलिट) में शुक्रवार को 29वीं निदेशक बैठक का आयोजन किया जाएगा। बैठक में इलेक्ट्रॉनिक्स व सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (Meity) के सचिव एस. कृष्णन (आईएएस) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इस उच्च स्तरीय बैठक में देशभर के नाइलिट केंद्रों के निदेशक व वरिष्ठ अधिकारी सम्मिलित होकर डिजिटल साक्षरता व तकनीकी कौशल के भविष्य का रोडमैप तैयार करेंगे। समारोह की शुरुआत सरस्वती प्रतिमा के अनावरण के साथ होगी। साथ ही उन्नत तकनीकी शिक्षा को नए आयाम प्रदान करने के उद्देश्य से उत्कृष्टता केंद्रों का उद्घाटन भी किया जाएगा।

इन विषयों पर होगा मंथन: निदेशकों की बैठक के दौरान इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) व आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), साइबर सुरक्षा व डेटा गवर्नेंस एवं संस्थागत विकास व नवाचार सहित विभिन्न विषयों पर रणनीतिक चर्चा की जाएगी। नाइलिट मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों व विभिन्न केंद्रों के निदेशकों की उपस्थिति में होने वाली यह बैठक तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगी। वरिष्ठ संकाय सदस्य अंकिता शर्मा ने बताया कि इस आयोजन के माध्यम से संस्थान की उपलब्धियों व आगामी पहलों को साझा किया जाएगा।


