Wednesday, February 11, 2026
Homeक्राइम न्यूजन्यायालय के आदेश की पालना में बाधा: व्यक्ति ने खुदकुशी की धमकी...

न्यायालय के आदेश की पालना में बाधा: व्यक्ति ने खुदकुशी की धमकी देकर मचाया हड़कंप, राजकार्य में डाला व्यवधान, मुकदमा दर्ज

केकड़ी, 09 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): न्यायालय के आदेश पर कब्जा दिलाने पहुंची न्यायिक व पुलिस टीम का विरोध करने एवं हाथ में पेट्रोल की बोतल लेकर छत पर चढ़ने व आत्मदाह की धमकी देने के मामले में शहर थाना पुलिस ने आरोपी सहित उसके परिवारजन के खिलाफ राजकार्य में बाधा व अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय के सहायक नाजिर दिनेश कुमार शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि दीवानी प्रकरण संख्या 74/2019 (निर्मला बनाम बद्री वगैरह) में जारी दखल वारंट की पालना के लिए वे पुलिस जाप्ते के साथ जयपुर रोड स्थित विवादित संपत्ति पर कब्जा दिलाने पहुंचे थे।

राजकार्य में बाधा व अभद्र व्यवहार: कार्रवाई शुरू होने से पहले ही आरोपी बद्रीलाल हाथ में पेट्रोल की बोतल लेकर केलूपोश छत पर चढ़ गया। आरोपी ने माइक के माध्यम से न्यायिक कर्मचारीगण व पुलिस पर अनर्गल आरोप लगाते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया। उसने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह करने व छत से नीचे कूदने की धमकियां दीं। मौके पर मौजूद पुलिस जाप्ते व अधिकारियों ने उसे समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन वह नीचे नहीं उतरा। रिपोर्ट के अनुसार बद्रीलाल के साथ ही उसकी पत्नी सुमित्रा, पुत्रियां रेखा, दुर्गा, सोनिया व रिश्तेदार गोविंद ने भी मौके पर पुलिस व न्यायिक दल को आगे बढ़ने से रोका।

पुलिस ने दर्ज किया मामला: विरोध व हंगामे के कारण न्यायालय के आदेश की पालना सुनिश्चित नहीं की जा सकी व कब्जा सुपुर्दगी की कार्रवाई को बीच में ही रोकना पड़ा। लगभग छह घंटे तक चले इस ड्रामे के बाद पुलिस व न्यायिक टीम वापस लौट गई। शहर थाना पुलिस ने दिनेश कुमार शर्मा की रिपोर्ट पर आरोपी बद्रीलाल व उसके परिजनों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126 (2), 221, 226 व 351 (2) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की तफ्तीश स्वयं थानाधिकारी कुसुमलता मीणा द्वारा की जा रही है।

संबंधित समाचार पढ़िए…

RELATED ARTICLES