केकड़ी, 27 दिसंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): तपोभूमि उज्जैन सहित पंचतीर्थ प्रणेता परम पूज्य महामुनिराज आचार्य 108 श्री प्रज्ञा सागर महाराज का शनिवार को केकड़ी नगर में अत्यंत उत्साह व धूमधाम के साथ मंगल प्रवेश हुआ। करीब 16 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद आचार्यश्री के आगमन से पूरी कनकावती नगरी (केकड़ी) धर्ममय हो गई। जैन समाज के अध्यक्ष ज्ञान चंद जैन (ज्वेलर्स) एवं मंत्री कैलाश जैन (मावा वाले) ने बताया कि आचार्य संघ की आगवानी के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा। भव्य जुलूस सावर तिराहे से शुरू होकर सरदार पेट्रोल पंप, पुलिस थाना, तीन बत्ती व घंटाघर होते हुए बोहरा कॉलोनी स्थित श्री नेमिनाथ जैन मंदिर पहुंचा।
पाद प्रक्षालन कर लिया आशीर्वाद: मार्ग में श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पाद प्रक्षालन कर व आरती उतारकर गुरुदेव का आशीर्वाद लिया। मंदिर पहुंचकर यह जुलूस धर्मसभा में परिवर्तित हो गया। अपने मंगल प्रवचनों में आचार्य श्री प्रज्ञा सागर महाराज ने कहा कि 16 वर्षों के लंबे कालखंड के बाद पुनः इस नगरी में आने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि इस शीतकालीन अल्पप्रवास के दौरान केकड़ी में ‘जिनधर्म की गंगा‘ बहेगी, जिससे आत्म-कल्याण का मार्ग प्रशस्त होगा। कार्यक्रम का संचालन कपिल भैया एवं पंडित निकेत भैया ने किया। आचार्यश्री की आहार चर्या का सौभाग्य महेंद्र कुमार जयेश कुमार रांटा परिवार को प्राप्त हुआ।
ये बने सौभाग्यशाली: धर्मसभा का शुभारंभ शांति नाथ बहु मंडल द्वारा प्रस्तुत मंगलाचरण से हुआ। कार्यक्रम के दौरान दीप प्रज्ज्वलन व पाद प्रक्षालन देवा लाल, सुरेश कुमार, आनंद कुमार (उनियारा वाले) ने किया। आचार्य श्री के पाद प्रक्षालन महेन्द्र कुमार, रमेश कुमार, जयेश रांटा परिवार ने किया। आचार्य श्री को शास्त्र भेंट करने का सौभाग्य पारस मल, महावीर प्रसाद, लाभ चंद (बघेरा परिवार) ने प्राप्त किया। संघ के अन्य मुनिराज व आर्यिका माताजी को शास्त्र भेंट करने का अवसर भाग चंद ज्ञान चंद जैन, सोनू-मोनू अग्रवाल (सावर), सुनील कुमार जैन, चांद मल शीतल कुमार (पारा) एवं विनोद कुमार गणेश कुमार (मेहरुकलां) को मिला।
प्रतिदिन होंगे ये धार्मिक आयोजन: मीडिया प्रभारी पारस जैन व रमेश बंसल ने बताया कि आचार्यश्री के मंगल प्रवास के दौरान मंदिर परिसर में प्रतिदिन सुबह नित्य नियम पूजा व शांतिधारा, 9 बजे आचार्य श्री के मंगल प्रवचन, दोपहर 3 बजे शास्त्र सभा एवं सायं 6 बजे आनंदयात्रा व भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा।

