Site icon Aditya News Network – Kekri News

मातृ-पितृ पूजन समारोह: बच्चों ने माता-पिता की महिमा का किया गुणगान, पैर छूकर लिया आशीर्वाद

केकड़ी: श्री सुधासागर स्कूल में मातृ-पितृ पूजन दिवस पर माता पिता की पूजा करते बच्चे।

केकड़ी, 15 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सापंदा रोड स्थित श्री सुधासागर दिगंबर जैन विद्या विहार सीनियर सैकण्डरी स्कूल में मातृ-पितृ पूजन दिवस श्रद्धा व आदर के साथ धूमधाम से मनाया गया। समारोह के अंतर्गत भक्तिभाव व मधुर संगीत के साथ मंत्रोच्चारपूर्वक विद्यार्थियों ने अपने माता-पिता व अभिभावकों का तिलक व माला पहनाकर अभिनंदन किया और उनके पैर छूकर आशीर्वाद प्राप्त करते हुए संस्कारवान बने रहकर उन्नत समाज व सुखी जीवन के लिए कड़ी मेहनत करने का संकल्प लिया।कार्यक्रम की शुरुआत स्कूल के निदेशक अजय जैन ने मां सरस्वती के मनोहारी चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर की। तत्पश्चात बच्चों ने एक के बाद एक भाव भरी प्रस्तुतियों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

केकड़ी: श्री सुधासागर स्कूल में मातृ-पितृ पूजन दिवस पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत करते बच्चे।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन: इनमें कक्षा चार के अद्विका एवं समूह ने मां की अंगुली पकड़कर चलाव कक्षा सात के प्राची एवं समूह ने मेरी मां, सबसे प्यारी मांगीत पर मार्मिक प्रस्तुति दी। कक्षा चार की छात्रा आरवी जैन ने माता-पिता के सम्मान में कविता प्रस्तुत की। कक्षा छह के कशवी एवं समूह ने नृत्य नाटिका के माध्यम से माता-पिता की महिमा का गुणगान किया। केजी सेक्शन के नन्हें-मुन्ने बच्चों ने भी अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से माता-पिता के प्रति अपनी कृतज्ञता जताई। इस अवसर पर स्कूल निदेशक अजय जैन ने पौराणिक प्रसंगों का उल्लेख करते हुए जीवन में माता-पिता की महत्ता पर प्रकाश डाला।

कायम रखें गरिमामय संवाद: प्रधानाचार्य सत्यनारायण खंडेलवाल ने सभी अभिभावकों का स्वागत किया और कहा कि वे बच्चों से अनवरत गरिमामय संवाद कायम रखें और उन्हें सुविधाओं के बजाय समय अधिक देवें। अभिभावक संजय कुमार चौधरी ने कहा कि मां की ममता और पिता की क्षमता से ही बच्चे के व्यक्तित्व का विकास होता है। अभिभावक हेमन्त भगत ने कहा कि बच्चे अपने माता-पिता और गुरुजनों के अनुभवों व मार्गदर्शन से सहज ही श्रेष्ठ जीवन का निर्माण कर सकते हैं। इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष संजय कटारिया व सचिव आनन्द सोनी ने सभी अभिभावकों, विद्यार्थियों तथा शिक्षकगणों को शुभकामनाएं प्रेषित की। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक आजाद शर्मा ने किया।

Exit mobile version